शौचालय के भीतर तक यात्रियों का कब्जा, छठ पर ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं
डाला छठ महापर्व पर घर लौट रहे कामगारों की भीड़ से ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं बची है, ...और पढ़ें

छठ पर ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं, यात्री शौचालय में यात्रा को मजबूर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली/वाराणसी)। आस्था के महापर्व डाला छठ पर घर पहुंचने की जद्दोजहद में परदेश से लौट रहे कामगारों की भीड़ ने रेलवे की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। खिड़की, गेट से लेकर शौचालय तक यात्रियों का कब्जा है।
हालात इतने बदतर हैं कि सामान्य कोचों में जगह नहीं मिलने पर यात्री शौचालयों में बैठकर सफर करने को विवश हैं। जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे इन कामगारों की तस्वीरें रेलवे की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इसकी बानगी ट्रेन 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर देखने को मिली।
ट्रेन के शौचालयों में भी यात्री ठसाठस भरे नजर आए। किसी तरह घर पहुंचने की मजबूरी में लोग शौचालय के भीतर बैठकर यात्रा कर रहे थे। वहीं कोच के दरवाजों और खिड़कियों के आसपास भी यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। यह स्थिति केवल भीड़ का दबाव नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा के इंतजामों की कमी भी उजागर करती है।
छठ महापर्व नजदीक आने के साथ ही बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब सहित दूसरे महानगरों में रोजी-रोटी कमाने वाले कामगार परिवार के साथ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे हैं। नियमित ट्रेनों के साथ विशेष ट्रेनों में भी भीड़ का यही आलम है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब त्योहार के शुरुआती दिनों में यह स्थिति है तो पर्व के नजदीक आने पर हालात कितने चुनौतीपूर्ण होंगे। त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ रेलवे के लिए नई चुनौती नहीं है। दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों पर हर वर्ष स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ता है।
इसके बावजूद शौचालयों तक में यात्रियों का बैठकर सफर करना व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है। रेलवे को अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने, स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना इस समय रेल प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।