वाराणसी में स्कूल में प्रताड़ना का आरोप लगाकर हास्टल के छत से कूदी छात्रा, जेब से मिले सुसाइड नोट ने कही प्रताड़ना की कहानी
वाराणसी में ज्ञानदीप एकेडमी के हॉस्टल से कक्षा सात की छात्रा स्नेहा मिश्रा ने कूदकर आत्महत्या कर ली। उसकी जेब से मिले सुसाइड नोट में वार्डन और एक शिक्षक पर पढ़ाई को लेकर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद केस दर्ज किया जा रहा है।

वाराणसी हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, वार्डन और शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप।
HighLights
ज्ञानदीप एकेडमी हॉस्टल से कूदकर छात्रा ने की आत्महत्या।
सुसाइड नोट में वार्डन, शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप।
पुलिस ने वार्डन, शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा चौकी अंतर्गत शिवप्रसाद गुप्त कालोनी में ज्ञानदीप एकेडमी के हास्टल की छत से गुरुवार की सुबह में कक्षा सातवीं की छात्रा स्नेहा मिश्रा कूद गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को ट्रामा सेंटर भेजा जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान मृत छात्रा के जेब से सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने वार्डन और एक शिक्षक पर पढ़ाई को लेकर मानसिक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर वार्डन और शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
मृतका स्नेहा मिश्रा मूलरूप से बैजरहा, गोपालपुर, सीवान बिहार की रहने वाली थी और नगवां स्थित ज्ञानदीप एकेडमी स्कूल के चितईपुर शाखा में इसी वर्ष मार्च में प्रवेश हुआ था। वह यहां हास्टल में रहती थी। विद्यालय के वाहन से ही आती जाती थी। छठ पूजा में गांव गई थी और बीते मंगलवार को लौटी थी।
छोटा भाई भी ज्ञानदीप एकेडमी की चितईपुर शाखा में ही कक्षा छह में पढ़ता है। गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे हास्टल की पांचवीं मंजिल के छत से कूदने के कारण छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना पर डीसीपी काशी गौरव वंशवाल, एडीसीपी काशी वैभव बांगर, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने विद्यालय के चेयरमैन त्रिभुवन सिंह और वार्डन निधि मिश्रा से बातचीत और घटना की जानकारी ली। मृतका के पिता तारकेश्वर मिश्रा जयपुर में नौकरी करते हैं, जबकि मां आशा देवी गांव पर रहती हैं। सूचना के बाद देर रात मां बिहार से वाराणसी पहुंची।
वहीं छात्रा के पिता तारकेश्वर मिश्रा जयपुर से सीधे लंका थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस के साथ ट्रामा सेंटर स्थित मोर्चरी पहुंचे जहां शव रखा था। पिता के सामने पुलिस ने छात्रा के लोवर से एक सुसाइड नोट बरामद किया। सुसाइड नोट में छात्रा ने वार्डन निधि मिश्रा और हास्टल में ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक शैलेश यादव पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पिता ने दोनों के खिलाफ लंका थाने पर लिखित तहरीर दिया है। लंका पुलिस देर रात शव का पोस्टमार्टम करा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया कि छात्रा की जेब से सुसाइड नोट मिला है। इसकी जांच की जा रही है।
घर से आने के बाद परेशान थी छात्रा
चौकी प्रभारी नगवा नवीन चतुर्वेदी ने बताया कि विद्यालय के चार मंजिला भवन में तीसरे तल तक पढ़ाई होती है, जबकि चौथे तल पर रहने के लिए हास्टल बना है। हास्टल के ऊपर छत पर एक स्टूल भी रखा है जहां से छात्रा नीचे गिरी है। साथ में रहने वाली छात्राओं ने बताया कि इस बार जब से घर से आई थी तब से काफी परेशान और शांत रहती थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।