महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ संकल्प लेकर निकली पदयात्रा
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ संकल्प के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा शुरू की।
वाराणसी, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के कैंट विधानसभा क्षेत्र में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संकल्प लेकर रविवार को सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा शुरू की। गाधी संकल्प यात्रा की शुरुआत सिगरा स्थित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके हुई। यात्रा के मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व एमएलसी लक्ष्मण आचार्य रहे। नेतृत्व कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया।
कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले तिलक जी की प्रतिमा की सफाई की। प्रतिमा को स्नान कराकर माल्यार्पण किया गया। यात्रा के अमर नगर स्थित सिंधी पंचायत भवन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। समाज के अशोक तलरेजा ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, गीत व नृत्य के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रकल्प की प्रदेश संयोजिका डा. रचना अग्रवाल ने किया। यात्रा के दौरान जद्दूमंडी स्थित श्रीनगर कालोनी के पार्क में पौधरोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया गया। आगे लक्सा तिराहे पर सभा का आयोजन हुआ।
पदयात्रा में प्रभारी विद्यासागर राय, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया, अशोक पांडेय, कैंट पदयात्रा संयोजक अशोक पटेल, नवरतन राठी, लालचंद कुशवाहा, रामगोपाल वर्मा, अभिषेक मिश्रा, अमित राय, सौरभ सिंह मुन्ना, राजेश यादव चल्लू, लकी वर्मा, राजेश केशरी, शकर साहनी, कुसुम पटेल, श्वेता बिंद आदि कार्यकर्ता शामिल थे। जंगमबाड़ी पहुंच सम्पन्न हुई यात्रा गाधी संकल्प यात्रा सिगरा, भारत सेवा आश्रम, सोनिया, मौलवी बाग, सिद्धगिरी बाग, श्रीनगर कालोनी, रामकुंड, लक्सा, मारवाड़ी सेवक संघ, गिरजाघर, गोदौलिया होते हुए जंगमबाड़ी पहुंचकर सम्पन्न हुई।