काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर गूंजा ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’
काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर संविधान दिवस पर नमामि गंगे ने पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। श्रद्धालुओं ने 'हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान' का उद्घोष कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली, जिसमें संविधान के मौलिक कर्तव्यों पर जोर दिया गया।
HighLights
संविधान दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में जागरूकता कार्यक्रम।
नमामि गंगे ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
संविधान के मौलिक कर्तव्यों पर दिया गया जोर।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भारतीय संविधान की तस्वीर और राष्ट्रध्वज तिरंगा हाथ में लेकर उद्घोष किया कि ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ है और हम भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखेंगे।
कार्यक्रम में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य निर्धारित करता है कि वह नदी, वन, झील और वन्यजीवों सहित प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन करे तथा प्राणी मात्र के प्रति दयाभाव रखे।
राजेश शुक्ला ने बताया कि संविधान के मौलिक कर्तव्यों वाले अध्याय में पर्यावरण रक्षा की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से दी गई है। संविधान के अनुसार भारत के हर नागरिक की यह ड्यूटी है कि वह जंगल, झील, नदी और जंगली जानवरों समेत प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करे, उसे बेहतर बनाए और जीवों के प्रति दया रखे।
उन्होंने कहा कि संविधान में निहित पर्यावरण संरक्षण के प्रावधान और आधुनिक सरकारी व सामुदायिक प्रयासों का संगम ही गंगा नदी के कायाकल्प, अविरल और निर्मल धारा की नींव है। आयोजन में रविंद्र पाण्डेय, साकेत, रोहित मिश्रा, रिया, आरती, जय शाहा, रमन नायडू सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं पर्यटक शामिल रहे।