भारत से थाईलैंड और इंडोनेशिया गए थे हमारे पूर्वज, 50 हजार साल पुराने मानव इतिहास से उठा पर्दा
काशी हिंदू विश्वविद्यालय सहित 7 संस्थानों के शोध ने खुलासा किया है कि 50,000 साल पहले भारतीय पूर्वज समुद्र और जंगलों को पार कर थाईलैंड व इंडोनेशिया पहुंचे थे। यह अध्ययन मातृ-डीएनए 'हैप्लोग्रुप R30' के विश्लेषण पर आधारित है, जो मानव प्रवास और सभ्यता के फैलाव की कहानी में नया अध्याय जोड़ता है।

50 हजार साल पहले भारत से थाईलैंड और इंडोनेशिया पहुंचे थे हमारे पूर्वज।
HighLights
मातृ-डीएनए 'हैप्लोग्रुप R30' ने खोला 50 हजार साल पुराना राज।
भारतीय पूर्वज थाईलैंड, इंडोनेशिया तक पहुंचे, आनुवंशिक प्रमाण मिले।
भारत मानव विस्तार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक बड़ा केंद्र रहा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। क्या हमारे पूर्वजों ने हजारों साल पहले समुद्र और जंगलों को लांघकर दक्षिण-पूर्व एशिया की धरती पर कदम रखा था? जी हां, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (Banaras Hindu University) समेत 6 अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के वैज्ञानिकों ने इस ऐतिहासिक पहेली से पर्दा उठा दिया है। प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका 'माइटोकोन्ड्रिया' में प्रकाशित इस चौंकाने वाले शोध ने मानव प्रवास और सभ्यता के फैलाव की कहानी में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
अध्ययन के अनुसार, माताओं से संतानों में जाने वाले माइटोकोन्ड्रियल डीएनए के खास समूह 'हैप्लोग्रुप R30' के विश्लेषण से पता चला है कि प्राचीन काल में हमारे पूर्वज भारत से निकलकर थाईलैंड और इंडोनेशिया तक पहुंचे और वहां बसे। शोध के प्रथम लेखक शैलेश देसाई के मुताबिक, यह अध्ययन भारतीय उपमहाद्वीप और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच सदियों से चले आ रहे निरंतर संपर्कों का ठोस आनुवंशिक प्रमाण देता है।
वैज्ञानिक जांच में सामने आया कि R30 की एक विशिष्ट शाखा लगभग 45,500 साल पहले भारतीय शाखा से अलग होकर थाईलैंड पहुंची थी। वहीं, इसी डीएनए समूह की एक अन्य महत्वपूर्ण वंशावली करीब 27,000 साल पहले भारत से इंडोनेशिया की ओर बढ़ी। शोधकर्ताओं का मानना है कि प्राचीन 'दक्षिणी मार्ग' से जुड़ा R30 मातृ-समूह दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच सीधा आनुवंशिक सेतु बनाता है, और यह संपर्क किसी एक घटना तक सीमित नहीं था बल्कि हजारों साल तक जारी रहा।
उत्तर से दक्षिण भारत और फिर द्वीपों तक का सफर
बीएचयू के जीन विज्ञानी प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे बताते हैं कि दक्षिण-पूर्व एशिया में मिलने वाले इस प्रमुख हैप्लोग्रुप की जड़ें भारत में ही हैं, क्योंकि इसकी मूल उत्पत्ति लगभग 50,000 साल पहले भारतीय उपमहाद्वीप में हुई थी। शोध के अनुसार, यह मातृ समूह लगभग 44,000 साल पहले उत्तर भारत में विकसित हुआ। बाद में, अंतिम हिमयुग के चरम और फिर जलवायु में सुधार के दौर में, करीब 16,700 साल पहले अनुकूल मौसम और संसाधनों की तलाश में ये मानव समूह उत्तर से दक्षिण भारत की ओर बढ़े और आगे दक्षिण-पूर्व एशिया की दिशा में भी आगे निकले।
मंगलोर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मुस्ताक ने बताया कि वैज्ञानिकों ने मुख्य भूमि और द्वीपों पर बसे लोगों के 198 आधुनिक और प्राचीन डीएनए सीक्वन्स का गहन अध्ययन किया, जिसमें लक्षद्वीप और श्रीलंका के नमूने भी शामिल थे। इससे R30 की पूरी वंशावली को पुनर्गठित करने और दक्षिण भारत तक सीमित एक नई बुनियादी शाखा की पहचान करने में मदद मिली।
श्रीलंका, लक्षद्वीप और प्राचीन मानव प्रजातियों से जुड़ाव
यह शोध हिंद महासागर के द्वीपों तक हुए प्राचीन प्रवास की कड़ियां भी जोड़ता है:
श्रीलंका: प्राचीन वेद्दा समुदाय और दक्षिण भारत के उराली कुरुमन समुदाय में R30 के गहरे संबंध मिले हैं। अनुमान है कि करीब 11,000 साल पहले प्राचीन भारतीय श्रीलंका पहुंचे और समुद्र का जलस्तर बढ़ने के बाद वहीं बस गए।
लक्षद्वीप: अमिनी और चेटलाट द्वीपों के निवासियों में भी यह जुड़ाव पाया गया है, जहां मानव बसाव की शुरुआत लगभग 5,400 साल पहले हुई थी।
ग्रिफिथ विश्वविद्यालय के एआरसी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक प्रोफेसर माइकल पेट्रागलिया के अनुसार, यह शोध शुरुआती आधुनिक मानव (होमो सेपियंस) की यात्रा में भारत को केंद्र में रखता है। दक्षिण एशिया में मिले 38,000 साल पुराने मध्य पुरापाषाण काल के पत्थर के औजार संकेत देते हैं कि 50,000 साल पहले फैलते आधुनिक मानवों का सामना यहां मौजूद अन्य प्राचीन मानव प्रजातियों (आर्किएक होमिनिन्स) से हुआ होगा और उनके बीच तकनीक व औजार निर्माण की साझेदारी भी हुई होगी।
कुल मिलाकर, यह शोध दर्शाता है कि प्राचीन भारत केवल शुरुआती इंसानों का स्थायी ठिकाना ही नहीं था, बल्कि मानव विस्तार और सांस्कृतिक-आनुवंशिक आदान-प्रदान का एक बड़ा केंद्र भी रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।