वाराणसी के तत्कालीन सीएमओ समेत चार स्वास्थ्यकर्मियों पर परिवाद दर्ज करने का आदेश
वाराणसी सीजेएम कोर्ट ने गर्भवती महिला की रक्त जांच रिपोर्ट में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ...और पढ़ें

गर्भवती महिला की रिपोर्ट में लापरवाही, वाराणसी के पूर्व सीएमओ समेत चार पर परिवाद का आदेश।
HighLights
तत्कालीन सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी समेत चार पर परिवाद दर्ज।
गर्भवती महिला की रक्त जांच रिपोर्ट में लापरवाही का मामला।
सीजेएम कोर्ट ने 14 जनवरी को बयान दर्ज करने को कहा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गर्भवती महिला की रक्त जांच रिपोर्ट देने में लापरवाही करने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने वाराणसी के तत्कालीन सीएमओ डा. संदीप चौधरी समेत चार स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने मामले में परिवादी का बयान दर्ज करने के लिए 14 जनवरी की तिथि तय की है।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोइरान निवासी पंकज कुमार यादव ने परिवाद दाखिल किया था। आरोप था कि उनकी आठ माह की गर्भवती पत्नी प्रीति यादव का ब्लड सैंपल 15 सितंबर 2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बड़ागांव में लिया गया था।
अगले दिन और फिर 19 सितंबर को रिपोर्ट मांगने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने अनभिज्ञता जताते हुए टालमटोल की। इस संबंध में जब पीएचसी प्रभारी डा. शेर मोहम्मद, नोडल अधिकारी डा. एसके मौर्य, लैब टेक्नीशियन राजेश यादव और सीएमओ डा. संदीप चौधरी से संपर्क किया तो किसी ने ध्यान नहीं दिया।
समय पर रिपोर्ट न मिलने से गर्भवती और अजन्मे बच्चे की जान खतरे में पड़ गई थी। इससे पहले, नोटिस जारी होने पर स्वास्थ्य विभाग ने आरोपों को गलत बताया था। गुरुवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीजेएम कोर्ट ने परिवाद दर्ज कर लिया।