कोलकाता की कंपनी करेगी सिगरा स्टेडियम के इंडोर स्वीमिंग पूल का संचालन
सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के नवनिर्मित इंडोर स्वीमिंग पूल का संचालन दिसंबर से कोलकाता की स्पेस सर्किल कंपनी करेगी। शुरुआत में दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसे जनवरी से 24 घंटे संचालित करने की योजना है, जिससे अधिक तैराकों को लाभ मिलेगा।

कोलकाता की कंपनी संभालेगी सिगरा इंडोर स्वीमिंग पूल का संचालन।
HighLights
सिगरा इंडोर स्वीमिंग पूल का संचालन दिसंबर से शुरू।
कोलकाता की स्पेस सर्किल कंपनी को मिली जिम्मेदारी।
जनवरी से 24 घंटे संचालन की योजना, प्रशिक्षण सत्र बढ़ेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सिगरा के डा. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में नवनिर्मित इंडोर स्वीमिंग पूल का संचालन दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके संचालन और तैराकी प्रशिक्षण की जिम्मेदारी कोलकाता की स्पेश सर्किल कंपनी को दी गई है। कंपनी के कर्मचारी दिसंबर से पूल की व्यवस्था संभालेंगे। शुरुआत में दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद तैराकों की मांग और उपलब्धता के अनुसार संचालन का समय बढ़ाने की योजना है। जनवरी से पूल को 24 घंटे संचालित करने की तैयारी है। इससे तैराकी सीखने के इच्छुक लोगों के साथ नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को भी अधिक समय मिल सकेगा। स्मार्ट सिटी के शाकंभरी नंदन संथौलिया ने बताया कि पूल के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्पेस सर्किल को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी को कोलकाता में स्वीमिंग पूल संचालन का अनुभव है। शुरुआती व्यवस्था में सुबह के सत्र में नए प्रशिक्षुओं को तैराकी सिखाई जाएगी, जबकि दिन में पेशेवर तैराक अभ्यास करेंगे। बालक और बालिका खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र रखे जाएंगे। प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। पूल में तैराकी प्रशिक्षण के लिए किकबोर्ड, पुल बाय, ट्रेनिंग फिन्स, स्नोर्कल और फ्लोट जैसे उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
छह माह खेल विभाग ने संभाली व्यवस्था, अब निजी एजेंसी को जिम्मेदारी
पिछले छह माह से स्वीमिंग पूल का संचालन खेल विभाग कर रहा था। अब इसकी जिम्मेदारी निजी एजेंसी को दी गई है। इसके लिए स्मार्ट सिटी की ओर से अक्टूबर में दो बार निविदा प्रक्रिया अपनाई गई। पहली बार उपयुक्त संचालन एजेंसी नहीं मिलने पर दोबारा निविदा निकाली गई। इसके बाद कोलकाता की स्पेश सर्किल कंपनी का चयन किया गया।
पूर्वांचल का दूसरा इंडोर स्वीमिंग पूल
सिगरा का इंडोर स्वीमिंग पूल पूर्वांचल का दूसरा ऐसा पूल है। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ में आल वेदर स्वीमिंग पूल है। गोरखपुर के बाद वाराणसी में इंडोर स्वीमिंग पूल तैयार हुआ है। उन्होंने बताया कि तकनीकी बदलाव करके इंडोर पूल को आल वेदर स्वीमिंग पूल के रूप में भी तैयार किया जा सकता है।
पूल में मिलेंगे प्रशिक्षण के उपकरण
- किकबोर्ड
- पुल बाय
- ट्रेनिंग फिन्स
- स्नोर्कल
- लाइफगार्ड की सीटी
- फ्लोट उपकरण
अलग-अलग सत्र में होगा प्रशिक्षण
- सुबह के सत्र में नए प्रशिक्षुओं को तैराकी सिखाई जाएगी।
- दिन में पेशेवर तैराक अभ्यास करेंगे।
- बालक और बालिका खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग सत्र होंगे।
- प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की व्यवस्था होगी।
संचालन का समय बढ़ाने की तैयारी
दिसंबर में शुरुआत दो सत्रों से होगी। जनवरी से पूल को 24 घंटे संचालित करने की योजना है। तैराकों की लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए समय बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे अधिक लोगों को प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सकेगा।