विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहिंग्याओं के पूर्वजों का खुला राज, वैज्ञानिकों के शोध में बड़ा दावा, डीएनए में मिला दक्षिण-पूर्व एशिया का गहरा नाता

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 05:28 PM (IST)

काशी हिंदू विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के एक शोध में रोहिंग्या समुदाय के डीएनए का खुलासा हुआ है। अध्ययन के ...और पढ़ें

रोहिंग्याओं के डीएनए में मिला दक्षिण एशियाई और बर्मी मिश्रण काशी हिंदू विश्वविद्यालय का बड़ा शोध।

रोहिंग्याओं के डीएनए में मिला दक्षिण एशियाई और बर्मी मिश्रण काशी हिंदू विश्वविद्यालय का बड़ा शोध।

HighLights

  1. रोहिंग्या डीएनए का दुनिया का पहला बड़ा आनुवंशिक खुलासा।

  2. दक्षिण एशियाई जड़ों के साथ 41% बर्मी डीएनए का मिश्रण।

  3. बीएचयू, ढाका विश्वविद्यालय और स्विस वैज्ञानिकों का संयुक्त शोध।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। दशकों से विस्थापन और पहचान के संकट से जूझ रहे रोहिंग्या समुदाय के पूर्वजों और उनके जैविक इतिहास को लेकर दुनिया का पहला और सबसे बड़ा आनुवंशिक (जेनेटिक) खुलासा हुआ है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के जूलॉजी विभाग, बांग्लादेश के ढाका विश्वविद्यालय और स्विट्जरलैंड सहित दुनिया भर के शीर्ष वैज्ञानिकों की एक टीम ने रोहिंग्याओं के डीएनए की गुत्थी सुलझा ली है।

प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध में यह बात सामने आई है कि रोहिंग्याओं का मूल आनुवंशिक आधार भले ही दक्षिण एशियाई (भारतीय उपमहाद्वीप) है, लेकिन उनके डीएनए में लगभग 41 प्रतिशत हिस्सा दक्षिण-पूर्व एशियाई (बर्मी) है। यह ऐतिहासिक बदलाव आज से लगभग 701 से 974 साल पहले म्यांमार के अराकान (रखाइन) क्षेत्र में उनके प्रवास के दौरान हुआ था।

इस ऐतिहासिक शोध को लेकर बीएचयू के प्रमुख शोधकर्ता और जीन वैज्ञानिक प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने कहा कि यह अध्ययन रोहिंग्या आबादी की एक बिल्कुल नई तस्वीर पेश करता है। उन्होंने बताया, "हमारे विस्तृत डेटा विश्लेषण से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि रोहिंग्या आबादी की आनुवंशिक जड़ें मुख्य रूप से दक्षिण एशिया से जुड़ी हैं, जो उनके पड़ोसी बांग्लादेशी समुदायों से मेल खाती हैं।

लेकिन लगभग 700 से 900 साल पहले म्यांमार के अराकान क्षेत्र में बसने के बाद, उनका स्थानीय तिब्बती-बर्मन (बर्मी) आबादी के साथ एक बड़ा आनुवंशिक मिश्रण हुआ। इसी वजह से आज रोहिंग्याओं के डीएनए में 41 फीसदी हिस्सा दक्षिण-पूर्व एशियाई है, जो उन्हें अन्य दक्षिण एशियाई समूहों से बिल्कुल अलग और विशिष्ट बनाता है।"

भाषा और मानव विकास के संबंधों पर स्विट्जरलैंड के बर्न विश्वविद्यालय के प्रख्यात भाषा विज्ञानी प्रोफेसर जॉर्ज वैन ड्रीम ने इस शोध के भाषाई पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने बयान में कहा, "रोहिंग्याओं का भाषाई और जैविक इतिहास बेहद दिलचस्प है। वे एक इंडो-आर्यन भाषा बोलते हैं, जो बंगाली की चटगांव बोली के बेहद करीब है, जबकि उनके आस-पास के लोग मुख्य रूप से तिब्बती-बर्मन भाषाएं बोलते हैं।

हमारा यह अध्ययन भाषाई जुड़ाव और आनुवंशिक विकास के बीच के उस जटिल मोज़ेक (मिश्रण) को साबित करता है, जहां एक समुदाय अपनी दक्षिण एशियाई भाषाई पहचान तो बनाए रखता है, लेकिन म्यांमार के स्थानीय लोगों के साथ आनुवंशिक रूप से गहराई से जुड़ जाता है।"

इस शोध के चिकित्सकीय और मानवीय महत्व को रेखांकित करते हुए ढाका विश्वविद्यालय की प्रमुख शोधकर्ता प्रोफेसर नूरून नाहर ग़ाज़ी सुल्ताना ने कहा कि यह अध्ययन शरणार्थी शिविरों में रह रहे लाखों रोहिंग्याओं के स्वास्थ्य के लिए एक संजीवनी बन सकता है। उन्होंने बताया, "लंबे समय से हाशिए पर रहने और अमानवीय संघर्ष झेलने के कारण रोहिंग्याओं के जीनोम में प्राकृतिक रूप से कई अहम बदलाव हुए हैं।

उनके डीएनए में बीएजी3 (BAG3), आईटीपीआर3 (ITPR3) और स्नैप91 (SNAP91) जैसे विशेष जीनों की पहचान की है, जो शरीर में भारी तनाव सहने, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने और बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। यह जेनेटिक डेटा भविष्य में इस संवेदनशील आबादी को गंभीर बीमारियों से बचाने और उनके लिए एकदम सटीक चिकित्सा सुविधाएं तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा।"


इस महा-अध्ययन के लिए बांग्लादेश के कॉक्स बाजार स्थित शरणार्थी शिविरों से विशेष अनुमति के बाद रोहिंग्या स्वयंसेवकों के रक्त के नमूने लिए गए थे। इसके बाद यूरेशिया भर के 2,217 अन्य नमूनों के साथ उनका मिलान किया गया। यह शोध इस बात पर अंतिम मुहर लगाता है कि मानव आबादी किसी वर्तमान राजनीतिक सीमा की मोहताज नहीं है, बल्कि यह सदियों पुराने प्रवास और आनुवंशिक मिलन का एक जटिल ताना-बाना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।