आनलाइन लूडो सट्टेबाजी उजागर, नौ राज्यों में 8.14 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा
सारनाथ पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने ऑनलाइन लूडो सट्टेबाजी के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन ...और पढ़ें
HighLights
ऑनलाइन लूडो सट्टेबाजी गिरोह का वाराणसी में भंडाफोड़।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नौ राज्यों में करोड़ों की ठगी।
टेलीग्राम पर 'न्यू लूडो परिवार' बनाकर करते थे धोखाधड़ी।
जागरण संवादाता, वाराणसी। सारनाथ के अकथा चौराहे स्थित शिव विहार कालोनी में साइबर क्राइम सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित आनलाइन मनी गेम (लूडो सट्टेबाजी) के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का राजफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। आरोपितों के सात बैंक खातों की जांच में देश के नौ राज्यों से जुड़ी साइबर ठगी की 19 शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में कुल 8,14,63,918.94 रुपये की धोखाधड़ी का राजफाश हुआ है।
साइबर पुलिस की प्रतिबिंब पोर्टल टीम ने 12 नवंबर को आपरेशन किया। पुलिस ने सारनाथ के अकथा अंतर्गत शिव विहार कालोनी में किराये के मकान के प्रथम तल पर छापा मारकर सागर सेठ (27), मंगल कुमार (34) और सुदीप कश्यप (28) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपित शिव विहार कालोनी के ही रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे टेलीग्राम पर 'न्यू लूडो परिवार' नाम से ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ते थे। कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर आनलाइन लूडो पर रुपये लगवाते थे। खिलाड़ियों से यूपीआइ के माध्यम से रकम अपने बैंक खातों में मंगाते और प्रत्येक बाजी में कमीशन काटकर शेष धनराशि का भुगतान करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों से जुड़े सात बैंक खातों की जांच में 46,929.98 रुपये शेष मिले हैं। इन खातों में अक्टूबर और नवंबर में लाखों रुपये का संदिग्ध लेनदेन भी मिले हैँ। बैंक खाते यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक और उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक में हैं।
एनसीआरपी पोर्टल पर जांच में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान और गुजरात से शिकायतें मिलीं। पुलिस खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।