Corona virus in jaunpur : Covid-19 से जिले में एक व्यक्ति और संक्रमित, रिपोर्ट से मची खलबली
Corona virus in jaunpur Covid-19 से जिले में एक व्यक्ति और संक्रमित रिपोर्ट से मची खलबली।
जौनपुर, जेएनएन। बीते 28 मार्च को देवबंद सहारनपुर से साथियों के साथ आया युवक भी कोरोना से पॉजिटिव पाया गया है। युवक चार दिन से जिला अस्पताल में भर्ती है वहीं परिवार के पांच सदस्यों को क्वारंटाइन में रखा गया है।
जनपद में एक और कोरोना पाजिटिव मरीज मिलने से जिला प्रशासन में खलबली मच गई है। बदलापुर क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी युवक देवबंद सहारनपुर से साथियों के साथ घर आया था। लक्षण दिखने पर उसे पांच अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट आने के बाद उसके परिवार के पांच सदस्यों को एम्बुलेंस से लाकर सीएचसी नेहरूनगर में क्वारंटाइन में रखा गया है। जिले में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या चार पहुंच गई है। जिनमें एक स्वस्थ होकर घर लौट गया है।
बदलापुर के देवरिया गांव निवासी युवक देवबंद सहारनपुर में रहकर दीनी शिक्षा ग्रहण कर रहा था। संक्रमण फैलने के वह साथियों के साथ रिजर्व वाहन से 28 मार्च को घर आया था। उसे संक्रमण की शिकायत पर पांच अप्रैल की शाम जिला अस्पताल के क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती किया गया था। छह अप्रैल को नमूना लेकर सात अप्रैल को बीएचयू भेजा गया था। बुधवार को पाजिटिव रिपोर्ट आने के बाद खलबली मच गई।
सीएमओ डा.रामजी पांडेय ने बताया कि पीड़ित के गांव में दवा का छिड़काव कराने के साथ ही माता-पिता सहित परिवार के सभी पांच सदस्यों को एम्बुलेंस से लाकर क्वारंटाइन में रखा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि आने के बाद वह किन-किन के संपर्क में रहा है। वहीं पूर्व में भर्ती दो पीड़ितों की स्थिति सामान्य है। हालांकि जिले के लिए एक राहत की बात यह भी है कि पूर्व में एक मरीज पूरी तरह ठीक होकर घर जा चुका है।