बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर सातवें दिन 'रक्त-पत्र' लिखकर पीएमओ से उठाई मांग
बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर सातवें दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। छात्रों ने कुलपति और प्रधानमंत्री कार्यालय को रक्त-पत्र लिखकर जल्द चुनाव कराने की अपील की।

बीएचयू में छात्रसंघ बहाली को छात्रों का 'रक्त-पत्र' आंदोलन, पीएमओ से अपील।
HighLights
बीएचयू में छात्रसंघ बहाली को लेकर सातवें दिन धरना जारी।
छात्रों ने कुलपति, पीएमओ को रक्त-पत्र लिखकर मांग की।
तीन दशक से चुनाव न होने से लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व प्रभावित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनरत छात्रों ने कुलपति और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के नाम रक्त-पत्र लिखकर अपनी मांगों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। छात्र अमन यादव ने रक्त से पत्र लिखकर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की।
अमन यादव ने कहा कि करीब तीन दशक से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो रहा है। छात्रनेता शिवांश सिंह ने कहा कि सात दिनों से जारी धरना विद्यार्थियों की एकजुट आवाज का प्रतीक है।
रक्त-पत्र के माध्यम से प्रशासन और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।छात्रों ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और छात्र संगठनों से आपसी मतभेद भुलाकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ बहाली तक धरना शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।