जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर सेवा के संकल्प के साथ मरीजों के बीच पहुंचे कांग्रेसजन, अस्पतालों में किया फल वितरण
महानगर कांग्रेस कमेटी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर वाराणसी के तीन अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए। ...और पढ़ें

जवाहरलाल नेहरू जयंती पर वाराणसी कांग्रेस ने अस्पतालों में बांटे फल।
HighLights
कांग्रेस ने नेहरू जयंती पर वाराणसी के अस्पतालों में फल बांटे।
मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नेहरू के आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा का संकल्प दोहराया गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सेवा, संवेदना और समर्पण के भाव के साथ विभिन्न अस्पतालों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत दक्षिणी, उत्तरी एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख अस्पतालों में कांग्रेसजनों ने भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए, उनकी तीमारदारी की तथा उनका हालचाल जानकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डॉक्टर राजेश गुप्ता ने संयोजन किया। वहीं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। इस कार्यक्रम में सतनाम सिंह, रामजान अली, मयंक चौबे एवं संतोष चौरसिया ने संयोजन किया।
इसी क्रम में कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत माता आनंदमयी अस्पताल, शिवाला में फल वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसका संयोजन अरुण सोनी एवं वकील अंसारी ने किया। समस्त कार्यक्रमों की देखरेख एवं अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच और जनसेवा को समर्पित रहा। वह बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे, इसलिए उनका जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उनका मानना था कि देश की वास्तविक ताकत उसकी जनता में बसती है और एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर पहुंचे।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए जनसेवा के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, डॉ राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, प्रवीन प्रकाश, प्रमोद वर्मा, राजेन्द्र गुप्ता, रोहित दुबे, किशन यादव, मो उजैर आदि लोग उपस्थिति रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।