वाराणसी सहित पूर्वांचल में पहाड़ों से आ रही उत्तरी-पश्चिमी हवा ने गिराया तापमान, बढ़ी सिहरन
हिमालय से आ रही ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के कारण वाराणसी और पूर्वांचल में तापमान में गिरावट आई है, जिससे दिन में सिहरन और रात में ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले दिनों में इन हवाओं की तीव्रता बढ़ेगी और तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे ठंड में वृद्धि होगी।

वाराणसी पूर्वांचल में हिमालयी हवाओं से बढ़ी ठंड तापमान में भारी गिरावट।
HighLights
हिमालयी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं से वाराणसी में तापमान गिरा।
औसत तापमान मानव शरीर से 16.25 डिग्री सेल्सियस कम।
आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सुदूर उत्तर-पश्चिम से हिमालय के पहाड़ों से गुजर कर आ रही ठंडी हवा धीरे-धीरे वातावरण का तापमान गिराने लगी है। इससे दिन में सिहरन तो रात में ठंड बढ़ गई है। बुधवार को ही औसत तापमान 19.75 डिग्री सेल्सियस रहा जो मानव शरीर के सामान्य तापमान से लगभग 16.25 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे दिन में धूप के बाद भी सिहरन होती रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम से आ रही इस हवा की तीव्रता और सघनता आने वाले दिनों में और बढ़ेगी तथा तापमान में गिरावट का यह क्रम जारी रहेगा।
गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4° से. नीचे 27.7° से. रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय थोड़ा कोहरा जरूर रहा लेकिन जल्द ही धुंध छट जाने से आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। फिर भी बाइक या वाहनों से यात्रा करने में सिहरन छूट रही थी। एक दिन पूर्व बुधवार को पारा 12 डिग्री से नीचे चला गया था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में अभी को मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। ऐसे में सतही स्तर पर शुष्क एवं ठंडी उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इनके कारण तापमान में पिछले कुछ दिनों के दौरान प्रभावी गिरावट आई है। आगामी 48 घंटों के दौरान मामूली गिरावट के साथ तापमान सामान्य से और नीचे लुढ़कने की संभावना है। इससे ठंड में थोड़ी और बढ़ोत्तरी होगी। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा पड़ने की संभावना है।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से अफगानिस्तान, पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर हिमालय होते हुए ठंडी पछ़ुआ हवा के आने का क्रम जारी है। दिन की अवधि घटकर 10 घंटा 36 मिनट रह गई है। सूर्य के दक्षिणायन के साथ शरद का प्रभाव और बढ़ता ही जाएगा। सतह पर अभी पछुआ हवा सामान्य है लेकिन सतह से एक किमी ऊपर इसकी गति तेज है। जैसे-जैसे इसका प्रभाव बढ़ेगा, ठंड में और तीव्रता आएगी।