Lockdown in varanasi : वाराणसी में अब तक किसी घर के सामने नहीं लगा होम क्वारंटाइन का बोर्ड
वाराणसी जिले में अब तक किसी घर के सामने नहीं लगा होम क्वारंटाइन का बोर्ड।
वाराणसी, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए हर तरह के प्रयास किए गए है। नगर निगम प्रशासन और फायर ब्रिगेड की ओर से दवाओं के छिड़काव और फागिंग किए जा रहे हैं। साथ ही थर्मल स्केनिंग और अन्य जरूरी उपाय भी किए जा रहे हैं। शुक्रवार को 107 लोगों को शहरी क्षेत्र में कोरंटाइन किया गया और अब तक 1289 लोग घरों में कोरंटाइन किए गए हैं। इसके बावजूद बगल के घर में रहने वाले व्यक्ति को पता नहीं है कि उसका पड़ोसी कोरंटाइन किया गया है। क्योंकि निगम प्रशासन की ओर से ऐसा कोई बोर्ड या निशान नहीं लगाया जा रहा है जिससे आसपास के लोगों को पता चल सके।
मुंबई, पुणे सहित कई महानगरों में कोरंटाइन किए गए लोगों के घर पर नगर निगम ने बोर्ड लगाया है जिससे लोग सतर्क रहें और महामारी के फैलाव को रोक सकें। शुक्रवार को दक्षिण भारत से आए 39 पार्षदों का होम कोरंटाइन भी खत्म हो गया। बावजूद इसके कई ऐसे लोग हैं जो कोरंटाइन किए गए हैं और उनके बारे में पड़ोसियों को पता तक नहीं है। लोगों को जागरूक करने के लिए जरूरी है कि आसपास के लोगों को पता चल सके कि उनका पड़ोसी होम कोरंटाइन किया गया है। जिससे वे शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखे। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त आयुक्त देवी दयाल वर्मा ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी गाइडलाइन की जानकारी नहीं है।