विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देव दीपावली पर काशी में गाड़ियों की नो एंट्री! दोपहर एक बजे से लागू होगा महा-ट्रैफिक प्लान, 10 मार्ग नो-व्हीकल जोन

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 11:51 AM (IST)

देव दीपावली के लिए वाराणसी में 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू होगा, जिसमें 10 प्रमुख मार्ग नो-व्हीकल जोन रहेंगे। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और वीआईपी आगमन को देखते हुए वाहनों पर प्रतिबंध, पार्किंग व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

देव दीपावली पर काशी में महा ट्रैफिक प्लान लागू 10 मार्ग नो-व्हीकल जोन घोषित।

देव दीपावली पर काशी में महा ट्रैफिक प्लान लागू 10 मार्ग नो-व्हीकल जोन घोषित।

HighLights

  1. 24 नवंबर दोपहर 1 बजे से ट्रैफिक प्रतिबंध लागू होंगे।

  2. 10 प्रमुख मार्ग नो-व्हीकल जोन घोषित, वाहनों का प्रवेश वर्जित।

  3. 57 पार्किंग स्थल और 3 ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली की जगमग रोशनी के बीच काशी के घाटों और सड़कों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। मुख्यमंत्री और वीआईपी मेहमानों के संभावित आगमन तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों पर सख्त यातायात प्रतिबंध लागू कर दिए जाएंगे। घाटों की ओर जाने वाले शहर के दस प्रमुख मार्गों को पूरी तरह नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है, जिन पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने 57 पार्किंग स्थल और 5 होल्डिंग एरिया चिह्नित किए हैं। यातायात पुलिस का पूरा फोकस श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित आवाजाही, वैकल्पिक मार्गों के संचालन और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात नियंत्रण पर रहेगा। 

गंगा के पुलों पर बदली व्यवस्था, राजघाट पर पैदल भी रोक

देव दीपावली के दौरान गंगा के पुलों से आवागमन करने वालों के लिए विशेष नियम लागू रहेंगे:

  • राजघाट पुल: नमो घाट से पड़ाव के बीच वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

  • सामने घाट पुल: लंका से रामनगर के बीच केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्रियों को ही निकलने की अनुमति दी जाएगी।

  • विश्वसुंदरी पुल (NH-19) और रिंग रोड पुल: इन दोनों पुलों पर वाहनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

घाटों की ओर जाने वाले 10 मार्गों पर नो-एंट्री

घाट क्षेत्र के आसपास भीड़ का दबाव कम करने के लिए 10 प्रमुख रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इनमें मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया मार्ग, लक्सा से रामापुरा मार्ग, लहुराबीर से मैदागिन मार्ग, ब्रॉडवे तिराहे से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया मार्ग और अस्सी-रविदास घाट की ओर जाने वाले प्रमुख रास्ते शामिल हैं। इसके अलावा चंदौली की ओर से बहादुरपुर रोड होते हुए पड़ाव, रामनगर चौराहा और टेंगरा मोड़ तक तथा पड़ाव से सूजाबाद होते हुए राजघाट पुल व नमो घाट की ओर भी वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा।

दोपहर 1 बजे से बसों और भारी वाहनों पर पाबंदी

24 नवंबर को दोपहर 1 बजे के बाद शहर के भीतर भारी वाहनों, रोडवेज बसों और निजी बसों के प्रवेश पर रोक रहेगी। व्यवस्था के तहत काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन की बसों का संचालन रिंग रोड स्थित संदहा और हरहुआ के अस्थायी बस स्टेशनों से किया जाएगा। विभिन्न दिशाओं से आने वाली बसों के लिए भी सीमाएं तय की गई हैं:

  • जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर: इन जिलों की बसें हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास तक ही आ सकेंगी।

  • प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली: इन मार्गों से आने वाली बसों को मोहनसराय स्थित ठिकाना ढाबा तक सीमित रखा जाएगा।

सिटी बस और ई-रिक्शा के लिए तय वैकल्पिक रूट

श्रद्धालुओं और यात्रियों को शहर में आवागमन की सुविधा देने के लिए निर्धारित मार्गों पर सिटी बसों और ई-रिक्शा का संचालन जारी रहेगा। ये वाहन संदहा से हरहुआ, गिलट बाजार और कैंट होते हुए बीएचयू तक तथा जगतपुर से चांदपुर और कैंट होते हुए गोलगड्डा व लाटभैरव तक तय रूटों पर चलेंगे।

क्षेत्रवार 57 पार्किंग स्थलों का इंतजाम

अलग-अलग दिशाओं और घाट क्षेत्रों के लिए पार्किंग की स्पष्ट व्यवस्था की गई है:

  • नमो घाट क्षेत्र: केवल कलर-कोड पास वाले वाहनों को ही निर्धारित मार्ग से पार्किंग तक जाने की छूट होगी। बिना पास वाले वाहनों को चौकाघाट और लकड़ीमंडी की ओर जाने से रोका जाएगा। मच्छोदरी, नेशनल इंटर कॉलेज, टाउनहाल, क्वींस कॉलेज और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पार्किंग बनाई गई है।

  • दशाश्वमेध और गोदौलिया क्षेत्र: इधर आने वाले वाहनों को कमच्छा की ओर मोड़कर एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर, सीएचएस स्कूल, बेनियाबाग और मजदा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

  • अस्सी और लंका क्षेत्र: अखरी, चितईपुर और सुंदरपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बीएचयू परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

  • प्रयागराज व मिर्जापुर मार्ग: इन दिशाओं से आने वाले वाहनों को हरसेवानंद स्कूल मैदान, लौटूवीर और गढ़वाघाट पार्किंग में पार्क किया जा सकेगा।

  • रामनगर क्षेत्र: चारपहिया वाहनों के लिए दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान, लंका मैदान और रामबाग ग्राउंड तथा दोपहिया वाहनों के लिए पीएसी ग्राउंड में पार्किंग तय की गई है।

  • आपात सेवाओं के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर

    देव दीपावली के दौरान एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं—नमो घाट से कबीरचौरा और दीनदयाल अस्पताल तक, गोदौलिया से बीएचयू तक तथा पड़ाव से रामनगर जिला अस्पताल तक।

    यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे के बाद अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन लेकर न निकलें और निर्धारित पार्किंग व वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यातायात को लेकर ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी या आपात सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क करने की जानकारी व‍ि‍भाग की ओर से साझा की गई है। 

    देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।