BHU में थीसिस चोरी के मामले में आरोपितों पर अभी तक कार्रवाई नहीं, कई शोध प्रबंध अब भी लापता
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय से 200 पुरानी थीसिस चोरी होने के एक महीने बाद भी ...और पढ़ें

BHU थीसिस चोरी: एक माह बाद भी आरोपित पर कार्रवाई नहीं, शोध प्रबंध गायब।
HighLights
एक माह बाद भी आरोपित कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई।
संकाय से चोरी हुई कई पुरानी थीसिस अब भी लापता हैं।
सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी को थीसिस ले जाते देखा गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय से करीब 200 पुरानी थीसिस चोरी होने के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है।
घटना के एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी न तो आरोपित कर्मचारी पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई और न ही मामले में किसी ठोस जांच का परिणाम सामने आया। उधर, चोरी के आरोपों के बीच कई दिनों तक संकाय से अनुपस्थित रहने वाला कर्मचारी अब दोबारा काम पर आने लगा है।
संकाय में 10 अक्टूबर की रात आलमारी तोड़कर शोधार्थियों के पुराने शोध प्रबंध निकाल लिए गए थे। आरोप है कि इन्हें रद्दी में बेच दिया गया। मामला सामने आने के बाद कुछ थीसिस वापस बरामद कर ली गईं, लेकिन कई शोध प्रबंधों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
घटना के बाद आरोपित कर्मचारी के लगातार अनुपस्थित रहने पर उसका वेतन रोक दिया गया था। छात्रों का कहना है कि संकाय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संबंधित कर्मचारी को थीसिस ले जाते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है।
फुटेज विश्वविद्यालय प्रशासन को भी उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उससे पूछताछ या कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। डीन प्रो. राजाराम शुक्ल के अनुसार, संकाय स्तर से मामले में कार्रवाई की संस्तुति विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी गई है।