महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित ‘युवा संवाद-2026’ में नितिन नवीन ने छात्रों से किया संवाद
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाराणसी में 'युवा संवाद-2026' में छात्रों से सीधे बातचीत की, जहाँ युवाओं ने ...और पढ़ें

काशी विद्यापीठ में नितिन नवीन का युवाओं से सीधा संवाद: भविष्य की दिशा तय करने में युवाओं की भूमिका।
HighLights
नितिन नवीन ने वाराणसी में युवाओं से संवाद कर उनकी चिंताएं सुनीं।
डिजिटल करियर, रोजगार, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर छात्रों ने सवाल किए।
पंकज चौधरी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत हेतु प्रेरित किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश किस दिशा में आगे बढ़ेगा, इसमें युवाओं की सोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा किसी को देखकर अपनी राय नहीं बनाता, बल्कि अपने अनुभव और विचारों के आधार पर अपनी राय बनाता है। इसलिए युवाओं के मन में चल रहे सवालों और विषयों को सीधे समझना जरूरी है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित ‘युवा संवाद-2026’ में नितिन नवीन ने युवाओं से सीधे सवाल-जवाब किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को अलग-अलग ‘ब्रैकेट’ में बांटकर देखने की जरूरत नहीं है। पहले भी 15-16 वर्ष की उम्र के युवाओं को किशोर कहा जाता था, लेकिन अब अल्फा, बीटा, जेनरेशन-जी जैसे वर्गीकरण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत युवा देश है और युवाओं की पहचान उनके विचार, क्षमता और आकांक्षाओं से होनी चाहिए।
डिजिटल करियर और कंटेंट क्रिएशन पर सवाल
संवाद के दौरान एक छात्रा ने शहरी युवाओं में डिजिटल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन को करियर के रूप में अपनाने का मुद्दा उठाया। उसने उत्तर प्रदेश में कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहायता की संभावनाओं पर सवाल किया।
एक अन्य छात्रा ने युवाओं में बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के लिए सरकार की भूमिका पर सवाल किया। नितिन ने कहा कि युवाओं के सवालों और उनकी चिंताओं को समझना जरूरी है और वह अपने संबोधन में इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे।
बनारस में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों पर भी सवाल
संवाद में बनारस के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर इंटर्नशिप और करियर के अवसर उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठा। छात्रों ने पूछा कि पढ़ाई के साथ उन्हें बनारस में ही व्यावहारिक अनुभव और रोजगार से जुड़े अवसर कैसे मिल सकते हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के द्वितीय वर्ष के छात्र शिशिर गुप्त ने उच्च शिक्षा में डिग्री के साथ स्किल, इनोवेशन, रिसर्च और पहल को बढ़ावा देने तथा युवाओं को इन क्षेत्रों में आगे लाने के लिए सरकार की योजनाओं पर सवाल किया। संवाद में युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, डिजिटल करियर और स्थानीय अवसरों से जुड़े मुद्दे सीधे भाजपा अध्यक्ष के सामने रखे।
इंटरनेट मीडिया के प्रभाव और परीक्षा व्यवस्था पर युवाओं ने पूछे सवाल
‘युवा संवाद-2026’ में युवाओं ने इंटरनेट मीडिया के बढ़ते प्रभाव, परीक्षा व्यवस्था और सरकार के साथ संवाद से जुड़े सवाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने रखे। एक छात्र ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से युवाओं पर पड़ रहे प्रेम संबंधों और अन्य नकारात्मक प्रभावों का मुद्दा उठाया। उसने पूछा कि युवाओं को ऐसी परिस्थितियों से बाहर निकालकर सकारात्मक और रचनात्मक दिशा में कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
छात्रा श्वेता मेहरोत्रा ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान पेपर लीक या परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों का असर उन विद्यार्थियों पर पड़ता है, जो मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं। उन्होंने पूछा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं और अब तक क्या प्रगति हुई है।
संवाद के दौरान युवाओं ने यह भी सवाल उठाया कि नई पीढ़ी और सरकार के बीच संवाद के तरीके में बदलाव की जरूरत है। छात्रों का कहना था कि युवाओं की संचार शैली और उनकी अपेक्षाओं को समझते हुए उनसे संवाद के नए माध्यम विकसित किए जाने चाहिए। नितिन नवीन ने युवाओं के सवालों को गंभीरता से सुना और संवाद के दौरान उनकी बातों का जवाब देने की बात कही। कार्यक्रम में सवाल-जवाब के जरिए युवाओं ने शिक्षा, परीक्षा, सोशल मीडिया, करियर और सरकार के साथ संवाद जैसे मुद्दों को सीधे मंच पर रखा।
युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति का नेतृत्व करती है : पंकज चौधरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित ‘युवा संवाद-2026’ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का केंद्र बताते हुए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जहां युवा शक्ति है, वहीं राष्ट्र शक्ति है और देश के नेतृत्व में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
पंकज चौधरी ने कहा कि युवाओं को महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए। स्वामी विवेकानंद के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से लक्ष्य प्राप्त होने तक प्रयास जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों और संकल्पों में राष्ट्रवाद की भावना होनी चाहिए।
सरकार की योजनाओं को बताया बदलाव का आधार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने जल जीवन मिशन, आवास और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। 2014 के बाद देश में विकास को लेकर सोच में बदलाव आया है। कोरोना संकट के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था के तेजी से आगे बढ़ने का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
स्टार्टअप और रोजगार पर सरकार के प्रयास गिनाए
चौधरी ने युवाओं के संदर्भ में स्टार्टअप को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि देश में स्टार्टअप की संख्या तेजी से बढ़ी है और इससे युवाओं के लिए रोजगार तथा उद्यमिता के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है। साथ ही गरीब परिवारों के आवास, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण को अपने संकल्प का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए सवाल किया कि “क्या आप समृद्ध, सुरक्षित और विकसित भारत के निर्माण के लिए तैयार हैं?” उन्होंने युवाओं से इस लक्ष्य के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और विचार ही भारत को विश्व पटल पर नई ऊंचाई तक ले जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में युवाओं की भागीदारी केवल रोजगार और करियर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि राष्ट्र निर्माण के व्यापक संकल्प से जुड़नी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग देश को मजबूत बनाने में करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है और इस बदलाव को आगे बढ़ाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सामूहिक प्रयास के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
