डाला छठ पर गंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात
डाला छठ पर्व पर वाराणसी के गंगा घाटों और अन्य जलाशयों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए ...और पढ़ें

डाला छठ पर वाराणसी के गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात।
HighLights
एनडीआरएफ की नौ टीमें वाराणसी में डाला छठ सुरक्षा हेतु तैनात।
प्रशिक्षित बचावकर्मी, गोताखोर और पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेंगे।
अग्निशमन विभाग के कर्मी आठ प्रमुख घाटों पर ड्यूटी देंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। डाला छठ पर गंगा घाटों, कुंडों, तालाबों और जलाशयों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान अप्रिय घटना रोकने और आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के लिए 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें तैनात रहेंगी।
अग्निशमन विभाग ने भी शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई है। एनडीआरएफ के कमांडिंग आफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों के अलावा बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी बचाव दल तैनात होंगे।
इसके अलावा चंदौली, गोरखपुर में भी उनकी टीमें रहेंगी। करीब नौ टीमों में प्रत्येक के साथ 30 प्रशिक्षित बचावकर्मी होंगे। जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। टीमों को रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एम्बुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बाय, आक्सीजन सिलेंडर और अन्य जीवनरक्षक उपकरण दिए गए हैं।
प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मदद से डूबने की घटनाओं में बचाव और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएगी। एनडीआरएफ मुख्यालय में बचाव दल और उपकरण 24 घंटे तैयार रहेंगे। अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लाट भैरव, मार्कण्डेय महादेव, चितरंजन पार्क, दशाश्वमेध घाट, वरुण ब्रिज एवं शास्त्री घाट, सूर्य सरोवर, अस्सी घाट और शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर पर रहेगी। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।