बेनियाबाग में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
बेनियाबाग मैदान में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गुरुवार को बेनियाबाग मैदान में प्रदर्शन करने वालों पर प्रशासन की ओर से लगातार सख्ती की जा रही है।
वाराणसी, जेएनएन। बेनियाबाग मैदान में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गुरुवार को बेनियाबाग मैदान में प्रदर्शन करने वालों पर प्रशासन की ओर से लगातार सख्ती की जा रही है। चिह्नित 19 लोगों के खिलाफ शनिवार को एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) जारी किया गया है। वहीं मुख्य आयोजक कांग्रेस नेत्री सृष्टि कश्यप समेत अन्य लोगों के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित की गई है। उधर, पार्कों की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शन वाले दिन गुरुवार को धारा 144 लागू होने के बाद बेनियाबाग मैदान में महिलाएं कांग्रेस नेत्री सृष्टि कश्यप के नेतृत्व में धरने पर बैठ गईं। पुलिस जब महिलाओं को उठाने लगी तो मैदान के बाहर मौजूद भीड़ ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी लाठी भांजकर सभी को खदेड़ दिया था। इस बीच धरने पर बैठीं महिलाएं अपने घरों के लिए निकल गईं थीं। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के लिए अन्य जनपदों में भी छापेमारी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उनमें जैतपुरा निवासी गुलाम रसूल, अबू सूफियान, अमीर सुहैल व मोहम्मद सालेह, खजुरी के गुलीसाद और मऊ निवासी वरिसर गनी । वहीं प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए 19 लोगों का पोस्टर जारी किया था और सूचना देने वालों के लिए पांच हजार के इनाम की भी घोषणा की थी। चौक थाने में 32 के खिलाफ नामजद और 500 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद बेनियाबाग मैदान और आसपास के क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
दिल्ली में मिल रहा आयोजकों का लोकेशन
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि शनिवार को प्रदर्शनकारी 19 लोगों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया गया है। वहीं आयोजक सृष्टि कश्यप समेत अन्य लोगों पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। साथ ही जांच में पता चला है कि गिरफ्तार एक आरोपी के खाते में किसी ने दस हजार रुपये भेजे हैं। खाते में पैसे भेजने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के धरने से पहले ही व्हाट्सएप पर मैसेज के माध्यम से भीड़ जुटाई गई थी। हजारों की संख्या में लोग मैदान के चारों ओर खड़े थे। जैसे ही पुलिस ने महिलाओं को उठाया वैसे ही भीड़ ने पथराव कर दिया।