विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस्‍लामी कैलेंडर नहीं काशी के मुस्‍ल‍िम ह‍िंदू कैलेंडर से मनाते हैं अपना यह पर्व, 400 साल पुरानी है परंपरा

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 03:30 PM (GMT+05:30)

काशी में मुस्लिम समुदाय 400 साल पुरानी 'अगहनी जुमा' की परंपरा हिंदू कैलेंडर के अनुसार मनाता है। इस वर्ष 4 दिसंबर को पुराना पुल ईदगाह में देश की खुशहाली और भाईचारे के लिए सामूहिक नमाज अदा की जाएगी, जिसमें बुनकर समुदाय विशेष रूप से शामिल होता है।

काशी में 400 साल पुरानी अगहनी जुमा परंपरा हिंदू कैलेंडर से मनाते मुस्लिम।

काशी में 400 साल पुरानी अगहनी जुमा परंपरा हिंदू कैलेंडर से मनाते मुस्लिम।

HighLights

  1. काशी में 400 साल पुरानी अगहनी जुमा परंपरा।

  2. हिंदू कैलेंडर के अनुसार मनाते हैं मुस्लिम समुदाय।

  3. देश की खुशहाली, भाईचारे के लिए सामूहिक नमाज।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। इस्‍लामी कैलेंडर काे भूलकर काशी के मुस्‍ल‍िम एक द‍िन का अपना पर्व ह‍िंंदू कैलेंडर के मुताब‍िक मनाते हैं और यह परंपरा आज नहीं बल्‍कि‍ करीब चार सौ बरस पुरानी है। काशी के मुस्‍ल‍िम समुदाय के बीच और खासकर बुनकरों के बीच इस द‍िन का व‍िशेष तौर पर इंतजार रहता है। 

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी की गंगा-जमुनी तहजीब और सदियों पुरानी परंपराओं में शुमार 'अगहनी जुमे' की नमाज इस बार चार दिसंबर को अदा की जाएगी।पुराना पुल (पुलकोहना) स्थित ईदगाह में होने वाली इस ऐतिहासिक नमाज को लेकर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में जलालीपुरा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

लगभग 400 से 450 वर्ष पुरानी यह अनूठी परंपरा हर साल हिंदू कैलेंडर के अगहन महीने के दूसरे शुक्रवार (जुमे) को निभाई जाती है। मान्यता है कि सदियों पहले जब पूर्वांचल सह‍ित अवध और म‍िथ‍िला क्षेत्र में सूखे और मंदी के हालात बने थे, तब कारोबार और खेती की खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से नमाज अदा कर दुआ मांगी गई थी, जिसके बाद हालात सुधरे और तभी से यह सिलसिला निरंतर जारी है। आज भी इस दिन देश की तरक्की, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए खास दुआएं की जाती हैं।

अगहनी जुमे की नमाज के अवसर पर काशी के विभिन्न मोहल्लों से बुनकर बिरादराना तंजीमों जैसे बाईसी, चौदवीं और बारवीं से जुड़े सरदार, महतो और बड़ी संख्या में अकीदतमंद पुराना पुल ईदगाह पहुंचते हैं। परंपरा के मुताबिक इस दिन कई स्थानों पर बुनकरी से जुड़ा कामकाज व कारोबार (मुर्री) भी बंद रखा जाता है, ताकि समाज के लोग एकजुट होकर नमाज और दुआ में शरीक हो सकें।

जलालीपुरा में आयोजित बैठक के दौरान आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, ईदगाह परिसर की साफ-सफाई, नमाजियों की सहूलियत और समय प्रबंधन को लेकर पदाधिकारियों व समाज के जिम्मेदार लोगों ने अपने सुझाव रखे। साथ ही सभी बुनकरों और कारोबारियों से अपील की गई कि वे परंपरा के अनुसार मुर्री बंद रखें और चार दिसंबर को समय पर पुराना पुल ईदगाह पहुंचकर मुल्क की खुशहाली व तरक्की की दुआ में शामिल हों। नमाज के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया है, ताकि सदियों पुरानी यह परंपरा शांतिपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हो सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।