निर्भया के दोषियों को फांसी होने के बाद मुस्लिम महिला फाउंडेशन ने जताया न्यायपालिका का आभार
निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने पर अपने घरों से महिलाएं बाहर निकलीं और न्यायपालिका का आभार जताया।
वाराणसी, जेएनएन। निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने पर अपने घरों से महिलाएं बाहर निकलीं और न्यायपालिका का आभार जताया। विशाल भारत संस्थान एवं मुस्लिम महिला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इन्द्रेश नगर लमही में महिलाओं ने ढ़ोल नगाड़े बजाकर खुशी मनाई। महिलाएं अपने हाथ में तख्तियां ली थीं जिसपर लिखा था- दरिंदों को फांसी, खुश है काशी। न्यायालय जिन्दाबाद, मोदी सरकार जिन्दाबाद। आज दिल को ठंडक मिली है। खत्म करो दरिंदों का अधिकार, फांसी दो इनको हर बार।
विशाल भारत संस्थान की महासचिव अर्चना भारतवंशी ने कहा कि फांसी में देर होने से बेटियों में डर हो गया था और भारत की महिलाएं रातभर जगी रहीं कि कहीं दरिंदों की फांसी टल न जाए। लेकिन फांसी होने से भारत की महिलाओं में सुरक्षा का भाव वापस आ गया। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाज़नीन अंसारी ने कहा कि लम्बे समय से हम सभी को इंतजार था कि दरिन्दों को फांसी पर लटकाया जाएगा।
कहा कि न्याय में देरी हुई लेकिन आज हम सभी बहुत खुश हैं, ढोल ताशे बजाकर जश्न मना रहे हैं। हम अपने न्यायाधीशों का, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति का और न्यायपालिका को धन्यवाद देतें है कि ऐसे दोषियों को बख्शा नहीं गया, फांसी पर लटकाया गया। इस जश्न में नजमा परवीन, डॉ. मृदुला जायसवाल, सुनीता श्रीवास्तव, मैना देवी, रमता श्रीवास्तव, रीता, प्रीती, सुमन, अर्चना, चन्द्रमा, प्रभावती, कलावती आदि महिलाएं मौजूद रहीं ।