#FITNESS :तिरंगा भोजन को करें थाली में शामिल, सुबह के नाश्ते को न करे नजर अंदाज
अगर हम अपने भोजन की थाली में तिरंगा भोजन को शामिल कर लें तो यह हमारे शरीर को भी स्फूर्ति से भर देगा।
वाराणसी, जेएनएन। अगर हम अपने भोजन की थाली में तिरंगा भोजन को शामिल कर लें तो यह हमारे शरीर को भी स्फूर्ति से भर देगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह भोजन हमारे आस-पास किफायती दामों में मिलता है। बस इस पर नजर दौड़ाने की आवश्यकता है।
स्वादिष्ट और सेहत बनाने वाला सलाद
फिटनेस एक्सपर्ट मोहम्मद गयासुद्दीन का कहना है कि तिरंगा भोजन से शरीर को वह सभी पोषक तत्व मिल जाते हैं जो शरीर के लिए जरूरी है। इसे बच्चे, जवान, स्त्री-पुरुष और वृद्ध सभी इस्तेमाल कर सकते हैं। सुबह के नाश्ते में तिरंगे सलाद का इस्तेमाल करना चाहिए। इसमें पत्ते सहित मूली, गाजर, टमाटर और संतरा या नारंगी को शामिल करें। अगर अंडा खाते हों तो उसकी जर्दी का इस्तेमाल करना चाहिए। तिरंगा सलाद इतना स्वादिष्ट होता है कि इससे आप रोटी भी खा सकते हैं। इस तिरंगे सलाद में कई तरह के विटामिन्स व मिनरल्स तो होते ही हैं, जो आपको फिट रखते हैं।
मिलेगा भरपूर फाइबर और आयरन
दिन और रात के खाने में मसूर की दाल, हरी सब्जियों के साथ मशरूम, पनीर, चावल और दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। हरे फल को भी भोजन में शामिल करने करना चाहिए। इनमें लूटीन व इंडोल नामक फायटो केमिकल्स होते हैं, जो लीवर की रक्षा करते हैं। इनमें फाइबर व आयरन भी भरपूर मात्रा में होता है जो शरीर के संचालन में बहुत काम आता है।
भोजन का समय करें निर्धारित
साथ ही इसका ध्यान जरूर रखना चाहिए कि सुबह का नाश्ता भरपूर करना चाहिए। दिन का खाना दो बजे तक और रात का भोजन 10 बजे तक अवश्य कर लेना चाहिए। शिफ्टों में नौकरी करने वालों को आहार विज्ञानी की सलाह से अपना भोजन चार्ट बनवाना चाहिए। हां एक बात का अवश्य ध्यान रखें कि प्रतिदिन एक घंटे अपने शरीर पर जरूर दें।