Malhani By-Election में नोटा से भी कम मत पाए आधे से अधिक प्रत्याशी, विजयी व रनर की ही बच सकी जमानत
मल्हनी विधानसभा उपचुनाव का परिणाम मंगलवार को आ गया। 16 प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में सपा प्रत्याशी लकी यादव ने जीत दर्ज की। ईवीएम की बटन में 17 वें नंबर पर नापसंदी वाला बटन नोटा को भी खूब दबाया गया।
जौनपुर, जेएनएन। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव का परिणाम मंगलवार को आ गया। 16 प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में सपा प्रत्याशी लकी यादव ने जीत दर्ज की। ईवीएम की बटन में 17 वें नंबर पर नापसंदी वाला बटन नोटा को भी खूब दबाया गया। 982 लोगों ने 16 प्रत्याशियों में से किसी को भी पसंद नहीं किया। इसमें यह बात चौंकने वाली सामने आई कि कुल प्रत्याशियों में से आधे से भी ज्यादा प्रत्याशियों ने नोटा से भी कम वोट पाया है।
चुनाव में कुल 56.73 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें कुल तीन लाख 65 हजार 13 मतदाताओं के सापेक्ष दो लाख सात हजार 71 मतदाताओं ने वोट डाला। इसमें आधी आबादी ने पुरुषों की अपेक्षा अधिक मतदान किया। बावजूद इसके इकलौती निर्दल प्रत्याशी डा.शालिनी मोहन सहाय पर महिलाओं ने भरोसा नहीं जताया। इन्हें कुल 662 वोट मिले।
नौ प्रत्याशियों को नोटा से भी कम मिले मत
राष्ट्रीय अपना दल के जय सिंह यादव को 188, परिवर्तन समाज पार्टी के भारत राम को 266, बहुजन मुक्ति पार्टी के मुंशीलाल को 237, राष्ट्रीय श्रम पार्टी के बृजेश पासी को 416 मत मिले। मौलिक अधिकार पार्टी के अजय कुमार वर्मा को 529 मत, प्रगतिशील पार्टी के शोभनाथ केवट को 652, एनसीपी के सतीश चंद उपाध्याय को 657, निर्दल डा.शालिनी मोहन सहाय को 662, निर्दल विजय कुमार को 687 मत मिले। जिसका ही परिणाम रहा कि चुनाव में विजयी प्रत्याशी सपा के लकी यादव व निर्दल प्रत्याशी धनंजय ङ्क्षसह की जमानत बच सकी। बाकी सपा, बसपा व कांग्रेस पार्टी समेत अन्य सभी की जमानत जब्त हो गई।