वाराणसी में विधवा संग दुष्कर्म की कोशिश के बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा, एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने की घटना जानकारी एसएसपी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
वाराणसी, जेएनएन। भेलूपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने की घटना जानकारी एसएसपी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीडिता के अनुसार आरोपितों द्वारा दुष्कर्म की कोशिश करते देखकर बच्चों ने शोर करना आरंभ कर दिया, जिससे दरिंदे भाग निकले। स्थानीय पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर दरिंदों के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के अनुसार चार दिसम्बर को घर में घुसकर मोहल्ले में रहने वाले रामजी और कुंदन बिंद जबरी दुष्कर्म की कोशिश करने लगे। इस दौरान जब महिला ने विरोध किया तो आरोपितों ने रॉड से सिर पर हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर साड़ी से गला कस दिया। इस दौरान घर में मौजूद महिला के दो छोटे बच्चों ने शोर मचाया तो दोनों आरोपित मौके से भाग निकले। महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस कर्मी मौका मुआयना तक सीमित रह गए। ट्रामा सेंटर से इलाज कराने के बाद पीड़ित महिला ने मंगलवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने में लगी है। महिला के पति की बीमारी के कारण तीन साल पहले ही मौत हो गई थी।
पति की मौत के बाद पत्नी दो बच्चों के साथ रहकर क्षेत्र में मजदूरी कर बच्चों का जीवकोपार्जन करती है। महिला का आरोप है कि क्षेत्र में रहने वाले दोनों आरोपी बीते एक महीने से परेशान कर रहे थे। काम करने के लिए आते जाते समय रास्ते में रोक कर छेड़खानी करते थे। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगते थे। इसकी शिकायत बीते महीने और चार दिसंबर को पुलिस से किया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके कारण आरोपियों का मनोबल काफी बढ़ गया था। महिला आरोपियों की हरकत से परेशान होकर एक सप्ताह से घर में बच्चों के साथ ही रह रही थी।