मन की बात में बोले नरेन्द्र मोदी - 'मेरा सौभाग्य है कि वडनगर जन्मस्थान और काशी संसदीय क्षेत्र'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140वीं 'मन की बात' में अपने जन्मस्थान वडनगर और संसदीय क्षेत्र काशी का जिक्र किया, इसे अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने बिहार म्यूजियम की वैश्विक उपलब्धि और वडनगर म्यूजियम को मिले 'रेड डॉट' अवार्ड पर भी प्रकाश डाला।

पीएम मोदी ने मन की बात में बताया वडनगर और काशी का गहरा संबंध।
HighLights
पीएम मोदी ने मन की बात में काशी और वडनगर का उल्लेख किया।
वडनगर जन्मस्थान और काशी संसदीय क्षेत्र होने को बताया अपना सौभाग्य।
बिहार और वडनगर म्यूजियम की वैश्विक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहीं भी हों वह अधिकतर अपनी काशी का मौका खोज निकालते हैं। प्रधानमंत्री ने रविवार को 140वें मन की बात में काशी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों गुजरात के वडनगर में कांची कामकोटी पीठ के शंकराचार्य पहुंचे। उन्होंने वडनगर को गुजरात का काशी कहा। मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मेरा जन्मस्थान वडनगर और काशी मेरा संसदीय क्षेत्र है।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान कई क्षेत्रों में देश में हो रहे बेहतर कार्यों का उल्लेख किया। लोगों के अच्छे काम से लोगों को प्रेरणा मिली। मन की बात को सुनने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जगह-जगह आयोजन किया। दरअसल प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि ‘‘आप जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजियम के बारे में भी जरूर पता करें।
हाल ही में, भारत के म्यूजियम से जुड़ी कुछ ऐसी खबरें आई हैं, जो बहुत उत्साह बढ़ाने वाली हैं। साथियों पटना में स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की एक लिस्ट में 9वां स्थान मिला है। इस लिस्ट में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। आपने पेरिस के ‘लोआर्स म्यूजियम’ का नाम सुना होगा। न्यूयार्क का ‘द मेट’ म्यूजियम भी दुनिया में बहुत प्रसिद्ध है।
बिहार म्यूजियम इस लिस्ट में इन दोनों से आगे है। साथियों, गुजरात के वडनगर में भी एक बहुत अनूठा म्यूजियम है। इसका नाम है ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलाजिकल एक्सपेरिमेंटल म्यूजियम’। वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी बहुत सारी चीजें मिली हैं। जिस जगह पर ये खुदाई हुई है, उसी जगह पर इस म्यूजियम को विकसित किया गया है।
यहां एक ऐसा रास्ता बनाया गया है, जिस पर चलते हुए आप जमीन के कई मीटर नीचे तक जो खुदाई हुई है उसे देख सकते हैं। वडनगर म्यूजियम में पांच हजार से ज्यादा प्राचीन कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को डिजाइन की दुनिया का बड़ा सम्मान ‘रेड डाट: बेस्ट आफ दे बेस्ट अवार्ड’ मिला है।
ये भारत का पहला म्यूजियम है जिसे ये सम्मान मिला है। साथियों, वडनगर वो शहर है जो हजारों वर्षों से जीवंत है, ठीक काशी की तरह, और संयोग देखिए, वडनगर में मेरा जन्म हुआ और काशी का मैं सांसद हूं। अभी कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के पूज्य शंकराचार्य भी वडनगर गए थे। उन्होंने वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ के रूप में पहचान दी है’’।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।