विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में महावीर मंदिर से मीरापुर बसही तक सड़क जर्जर, जाम के झाम से मुक्‍त‍ि के ल‍िए मंत्री करेंगे पहल

By Shivam SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 11:36 AM (IST)

वाराणसी में महावीर मंदिर से मीरापुर बसही और सारनाथ तक की सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे राहगीरों को गड्ढों, जलभराव और जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की खुदाई और चौड़ीकरण योजना में देरी के कारण यह स्थिति बनी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और स्थानीय लोग तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

वाराणसी की जर्जर सड़कें बनीं मुसीबत गड्ढे और जाम से लोग परेशान।

वाराणसी की जर्जर सड़कें बनीं मुसीबत गड्ढे और जाम से लोग परेशान।

HighLights

  1. महावीर मंदिर से मीरापुर बसही तक सड़क जर्जर, गड्ढों से परेशानी।

  2. सारनाथ के चंद्रा, पंचकोशी रेलवे क्रासिंग पर गहरे गड्ढे।

  3. बिजली विभाग की खुदाई, चौड़ीकरण योजना में देरी से समस्या।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर के अलग-अलग इलाकों में जर्जर सड़कों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महावीर मंदिर चौराहे से टकटकपुर गैस गोदाम होते हुए मीरापुर बसही तक करीब दो किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। वहीं सारनाथ के चंद्रा और पंचकोशी रेलवे क्रासिंग के पास भी सड़क की बदहाली से आवागमन प्रभावित हो रहा है। गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

महावीर मंदिर चौराहे से मीरापुर बसही तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बिजली विभाग और नगर निगम की ओर से की गई खुदाई के बाद मरम्मत नहीं होने से स्थिति और बिगड़ गई है।

पिछले वर्ष लोक निर्माण विभाग ने भोजूबीर-मीरापुर मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए इस सड़क के चौड़ीकरण का सर्वे किया था। महावीर मंदिर चौराहा, गैस गोदाम, गौतम विहार कालोनी, गांधी चबूतरा होते हुए मीरापुर बसही तक सड़क चौड़ी करने की योजना बनी थी। इसके लिए कई मकानों पर निशान भी लगाए गए, लेकिन योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी।

नटिनियादाई मंदिर के पास त्रिमुहानी पर गड्ढों और स्कूली बसों के कारण रोज जाम की स्थिति बनती है। सोनकर नगर, हंस नगर, प्रताप नगर और बसही के निवासियों का कहना है कि बरसात में सड़क पर पानी भरने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है। उधर, सारनाथ के चंद्रा चौराहे से बलुआ मार्ग पर रेलवे क्रासिंग तक करीब डेढ़ फीट गहरे आठ गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हैं।

गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी होने से क्रासिंग के आसपास जाम लगता है। स्थानीय निवासी प्रियेश सोनी के मुताबिक, करीब एक वर्ष से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पंचकोशी रेलवे क्रासिंग पर एक तरफ का अंडरपास चालू होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

अंडरपास की सड़क जर्जर होने और बारिश में पानी भरने से वाहन चालक इसका इस्तेमाल करने से बचते हैं। पंचकोशी निवासी आकाश का कहना है कि क्रासिंग के आसपास की सड़क भी खराब है। अंडरपास की बदहाल सड़क के कारण लोग मुख्य रेलवे क्रासिंग से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम से सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और चौड़ीकरण की लंबित योजना पूरी करने की मांग की है। उनका कहना है कि गड्ढों से निजात मिलने पर ही इन मार्गों पर आवागमन सुचारु हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।