तरना वार्ड में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने लगाई जनचौपाल, सुनीं जनता की समस्याएं
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने वाराणसी के तरना वार्ड में जनचौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए और मौके पर कई सरकारी योजनाओं के आवेदन भरवाए।

तरना वार्ड में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश।
HighLights
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने तरना वार्ड में जनचौपाल आयोजित की।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याएं सुनी गईं।
सरकारी योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन भरवाए गए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शहर उत्तरी के विधायक रविन्द्र जायसवाल ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के तरना वार्ड स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में जनचौपाल लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
जनचौपाल में जलकल, जल निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), गेल, नगर निगम, आलोक विभाग, डूडा एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने लोगों द्वारा सड़क, पेयजल, सीवर, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित उठाई गई समस्याओं पर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। जनचौपाल के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष पहल भी की गई।
मौके पर ही सैकड़ों लोगों के वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, विवाह अनुदान तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित ऑनलाइन आवेदन भरवाए गए। इससे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान कराया जाए।
इसी उद्देश्य से क्षेत्र में जनचौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।जनचौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और अपनी समस्याओं एवं जरूरतों से मंत्री को अवगत कराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।