मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने समाजवादी पार्टी को बताया आतंकियों का सहयोग करने वाली पार्टी
बलिया में मंत्री आनंद स्वरूप ने कहा कि सपा आतंकवादियों का सहयोग करने वाली पार्टी है। इसके कई उदाहरण समाज और देश के सामने हैं।
बलिया, जेएनएन। बागी धरती बलिया में इन दिनों दिग्गज नेताओं के बीच शब्दों के बाण खूब चल रहे हैं। विगत दिनों सपा के पूर्व मंत्री व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने भाजपा पर अपना शब्द बाण चलाया था। भाजपा को कोरोना वायरस से भी ज्यादा खतरनाक बताते हुए इसे किसान व छात्र विरोधी होने का आरोप लगाया था। भाजपा को देश को बांटने वाली पार्टी की संज्ञा से विभूषित किया था।
इससे खफा प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने अपने बलिया भ्रमण के दौरान शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए सपा को राष्ट्र विरोधी पार्टी की संज्ञा से विभूषित किया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह विक्षिप्त जैसी हरकतें कर रहे हैं। ऐसे लोग समाज और देश के लोगों को कैसा संदेश दे रहे हैं, सभी लोग समझ रहे हैं। मंत्री आनंद स्वरूप यही नहीं रूके, कहा कि सपा आतंकवादियों का सहयोग करने वाली पार्टी है। इसके कई उदाहरण समाज और देश के सामने हैं।
किसानों की बात पर भी आर-पार
मंत्री ने सदन का हवाला देते हुए किसानों की बात पर भी आर-पार के मूड में दिखे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सदन में भी बोले थे कि मोहाबा में एक हजार किसानों ने आत्महत्या कर लिया है। इसके जवाब में मैंने सदन में ही मात्र 50 किसानों का नाम उनसे पूछा था तो वे बैकफुट पर आ गए थे। अब वह सदन से बाहर किसानों, छात्रों की बात कहकर वह लोगों को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें इस बात को स्वीकार कर लेना चाहिए कि प्रदेश से समाजवादी पार्टी की जमीन खिसक चुकी है। वह एक सम्मानित नेता हैं, उन्हें अपने शब्दों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
मंत्री ने कोरोना वायरस वार्ड का किया निरीक्षण
कोरोना वायरस को लेकर जिला अस्पताल में बने स्पेशल वार्ड का शनिवार को मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल के निरीक्षण किया। साथ ही जिला अस्पताल की तैयारी को परखा। कहा कि व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान मरीजों के बीच चिकित्सक बिना मास्क पहने ही उनका उपचार कर रहे थे। होली त्योहार में गैर प्रांत में रहने वाले लोग काफी संख्या में अपने गृह जनपद आए हुए है।