मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने पुरावशेषों का सारनाथ में किया अवलोकन
प्रवासी भारतीय सम्मेलन में बतौर अध्यक्ष शामिल होने आये मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द जगन्नाथ ने सपत्नीक सारनाथ में धमेख स्तूप की परिक्रमा की।
वाराणसी, जेएनएन । प्रवासी भारतीय सम्मेलन में बतौर अध्यक्ष शामिल होने आये मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द जगन्नाथ ने सपत्नीक बुधवार को भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में धमेख स्तूप की परिक्रमा की। इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध को नमन करने के साथ डियर पार्क में वन्य जीवों को भी देखा।
प्रधानमंत्री प्रविन्द जगन्नाथ पत्नी के साथ दोपहर लगभग 1 बजे सारनाथ पुरातात्विक खण्डहर पहुंचे जहां अधीक्षण पुरातत्व विद डॉ. नीरज सिन्हा एवं सहायक पुरातत्व विद डॉ. नीतेश सक्सेना ने उनका स्वागत किया। ततपश्चात उनहोंने अशोक की लाट, प्राचीन मूल गन्ध कुटी बौद्ध मंदिर अवशेषों का अवलोकन कर धमेख स्तूप की परिक्रमा की। डॉ. नीरज सिन्हा ने पुरावशेषों एंव यहां के इतिहास की जानकारी दी। इसके बाद मूलगंध कुटी बौद्ध विहार पहुंचे जहां महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के सयुक्त सचिव भिक्षु के मेधानकर थेरो ने स्वागत करते हुए बौद्ध मंदिर के बारे में जानकारी दी। उसके बाद पक्षी विहार केंद्र में वन्य जीवों को देखे। इस दौरान नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, पी के त्रिपाठी, मो. आरिफ आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।