देशभक्ति के रंग में रंग गया मास्क, 15 अगस्त के लिए तिरंगा वाले मास्क की बिक्री बढ़ी
अभी तक तो सुरक्षा के लिए फैंसी मास्क ही बाजार में उपलब्ध थे लेकिन स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही मास्क भी जैसे देशभक्ति के रंग में रंग गया है।
जौनपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क की अहमियत बढ़ गई है। यह अब हर किसी की आवश्यकता बन गया है। अभी तक तो सुरक्षा के लिए फैंसी मास्क ही बाजार में उपलब्ध थे लेकिन स्वतंत्रता दिवस नजदीक आते ही मास्क भी जैसे देशभक्ति के रंग में रंग गया है। तिरंगा के साथ देशभक्ति वाले नारे मेरा भारत महान, आई लव माई इंडिया, हैप्पी इंडिपेंडेंट डे, 15 अगस्त, सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा जैसे शब्दों को बयां करते मास्क भी बाजार में उपलब्ध हैं। जो 20 रुपये से लेकर 70 रुपये तक यह मास्क बिक रहे हैं। दुकानदार गुड्डू पाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए तिरंगा वाले मास्क की बिक्री बढ़ी है, छात्रों में इस मास्क की बिक्री ज्यादा है।
Designer Mask का वाराणसी में क्रेज बढ़ा, अब बोरिंग नहीं बल्कि फैशन और स्टाइल का हिस्सा
कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना बेहद जरूरी है। अभी इसे लंबे समय तक प्रयोग करना होगा। ऐसे में फैशन जगत ने मास्क को लेकर प्रयोग करने शुरू कर दिए हैैं। बड़े -बड़े कपड़ों के ब्रांड्स भी कोरोना काल में डिजाइनर मास्क बना रहे। बनारस के फैशन डिजाइनर्स ने मास्क की नई-नई डिजाइनें तैयार करनी शुरू कर दी हैैं, उन्हेंं ऑर्डर भी मिलने लगे हैं। मास्क कंपल्सरी के साथ एसेसरीज बनकर उभर रहे हैं। पार्टी व स्कूल-कॉलेज को ध्यान में रखकर निर्माण
अभी ऑफिशियल मास्क, पार्टी, कालेज, स्कूल आदि के हिसाब से इसे बनाया जा रहा है। कपड़े की मैचिंग को ध्यान में रख कर भी मास्क बन रहे हैं। जो हर आयु वर्ग के लोगों को भा रहे। तीन लेयर के मास्क के सामने वाले हिस्से पर डिजाइन की जा रही है। पहले इसे लोग मजबूरी मे पहन रहे थे मगर अब फैशन व स्टाइल से जोड़ दिया गया है। डेनिम, लिनेन, कॉटन, साटन आदि फैब्रिक पर बन रहे मास्क में मानक और खूबसूरती दोनों को देखा जा रहा है।
कारपोरेट लोगो वाले मास्क भी
फैशन डिजाइनर वंदना मंदान कहती हैं कि आने वाले समय में थीम पार्टी में मास्क भी एक हिस्सा होगा। इसके लिए अलग- अलग तरीके की डिजाइन के मास्क तैयार किए जाएंगे। इसकी प्लानिंग हम लोगों ने अभी से शुरू कर दी है। न सिर्फ महिलाएं बल्कि पुरुषों द्वारा भी कपड़े की मैचिंग के मास्क बनवाए जा रहे हैं। इसे कारपोरेट सेक्टर में जॉब करने वाले पसंद कर रहे हैं। कारपोरेट सेक्टर द्वारा कंपनी के लोगो वाला डिजाइनर मास्क बनाने का आर्डर मिल रहा है। जिसका डिजाइन के मुताबिक दाम है।
सबके मन मुताबिक डिजाइन
बच्चों के मास्क पर कार्टून कैरेक्टर, तारे आदि तो युवाओं के लिए कूल, डूड, हिट, ट्रेंडी आदि स्लोगन लिखे कलरफुल मास्क बन रहे जिसमें बटन यज्ञ चेन लगाया जा रहा। पार्टी वियर में कपड़े की मैचिंग के अनुसार सिल्क आदि फैब्रिक पर एम्ब्रॉयडरी, नगीनों को मास्क पर जड़ा जा रहा है। छोटी पार्टी में लोग अपने परिवार के लिए एक कलर व डिजाइन का मास्क भी बनवा रहे हैं।