सोनभद्र में धार्मिक आयोजन के दौरान ट्रेलर में उतरा करेंट, दो की मौत, तीन दर्जन झुलसे
चोपन थाना क्षेत्र के गोठानी में होने वाले धार्मिक आयोजन के दौरान ट्रेलर में करेंट उतरने से दो की मौत हो गई और करीब तीन दर्जन लोग झुलस गए।
सोनभद्र, जेएनएन। जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर के पास सोमवार की सुबह करेंट उतरने से दो महिला कांवरियों की मौत हो गई जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन, जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की वजह ट्रेलर चालक की असावधानी बताई जा रही है। ट्रेलर पर सजी झांकी का गुंबद हाईटेंशन तार से सटने के बाद लोग करेंट की चपेट में आए।
चोपन के करीब सवा सौ लोग सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे गोठानी स्थित शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं में सबसे अधिक महिलाएं मौजूद रहीं। श्रद्धालुओं के आगे चल रहे ट्रेलर पर डीजे के साथ ही झांकी संजाई गई थी। झांकी में गुंबंद भी बनाया गया था। घटना दिन में 11 बजे की है। ट्रेलर जैसे ही महलपुर गांव के समीप पहुंचा, उस पर संजाई गई झांकी का गुंबद हाईटेंशन तार से जा सटा। इसके बाद करेंट उतर गया। पैदल बिना चप्पल के चल रहे लोग करेंट की जद में आ गए। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पैर में चप्पल न होना व सड़क पर बरसाती पानी होने के कारण करीब 24 लोग करेंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में चोपन बैरियर की रानी (17) पुत्री शिवकुमार व खुशबू गुप्ता (18) पुत्री रमेश चंद्र गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 22 लोग गिरने व करेंट का झटका लगने से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही चोपन, ओबरा व जुगैल पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया। घायलों में 18 की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसपी ङ्क्षसह ने बताया कि घायल श्वेता पुत्री रामदुलारे, रोजी पुत्री नियाज खान व सोनम पुत्री रामसजीवन की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है।
ये हुए घायल
हादसे में घायल सीमा देवी पत्नी संतोष कुमार, रंजना पत्नी छबिले, रेनू पत्नी सागर, राधिक पुत्री राजेश कन्नौजिया, खुशबू पुत्री गंगाराम, निशा पुत्री महेंद्र साहनी, रीना पुत्री राम दुलारे, दिव्यांश पुत्र प्रमोद शुक्ला, नेहा पुत्री नरेश साहनी, महक पत्नी उमेश, सरस्वती पुत्री कैलाश साहनी, पूनम पुत्री जयराम जायसवाल, संगीता पत्नी हवलदार मुन्नी देवी पत्नी स्व. सत्यनारायण व दुद्धी की अंजू देवी पत्नी संजय का उपचार जिले के अस्पतालों में चल रहा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप