विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में कई मुस्‍ल‍िम गंगा घाट पर साधु वेश में कर रहे थे भिक्षावृत्ति, मंत्र पूछने पर कुबूली हकीकत

By Ravi Pandey Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:19 PM (GMT+05:30)

काशी में 'भिखारी मुक्त काशी' अभियान के तहत दशाश्वमेध घाट पर 23 भिक्षावृत्ति करने वालों को पकड़ा गया। इनमें कई साधु वेशधारी मुस्लिम व्यक्ति निकले जो अंबेडकरनगर से आकर पर्यटकों को परेशान कर रहे थे और मंत्र भी नहीं जानते थे।

काशी घाटों पर साधु वेश में भिक्षावृत्ति करते मुस्लिम पकड़े गए।

काशी घाटों पर साधु वेश में भिक्षावृत्ति करते मुस्लिम पकड़े गए।

HighLights

  1. दशाश्वमेध घाट पर 23 भिक्षावृत्ति करने वाले पकड़े गए।

  2. साधु वेश में मुस्लिम व्यक्ति अंबेडकरनगर से आए थे।

  3. पर्यटकों को परेशान कर रहे थे और मंत्र नहीं जानते थे।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी की गरिमा को धूमिल करने और पर्यटकों को परेशान करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी 'भिखारी मुक्त काशी' अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, पुलिस और अपना घर आश्रम (मदरवां, सामनेघाट) की संयुक्त टीम ने दशाश्वमेध घाट पर विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान घाट पर भिक्षावृत्ति कर रहे कुल 23 लोगों को पकड़ा गया। रेस्क्यू किए गए इन लोगों में कई ऐसे बाहरी व्यक्ति शामिल हैं, जो साधु का वेश धारण कर नियमित रूप से घाटों पर डेरा डाले रहते थे।

काउंसलिंग और आधार कार्ड जांच में खुली हकीकत

अभियान के बाद सभी 23 लोगों को पुनर्वास और काउंसलिंग के लिए सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम ले जाया गया। आश्रम के संरक्षक डॉ. कुमार निरंजन ने जब साधु वेशधारी इन लोगों से सामान्य पूछताछ शुरू की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। भगवा वस्त्र और तिलक लगाकर लोगों की आस्था का लाभ उठा रहे इन व्यक्तियों से जब साधारण मंत्र या भजन सुनाने को कहा गया, तो वे बगलें झांकने लगे। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि इनमें से किसी को भी कोई धार्मिक मंत्र या भजन तक नहीं आता है।

संदेह गहराने पर जब इनके पहचान पत्रों और आधार कार्ड की जांच की गई, तो वास्तविकता उजागर हो गई। आधार कार्ड के विवरण से पता चला कि साधु के वेश में भीख मांगने वाले इनमें से कई लोग मुस्लिम समुदाय से हैं, जो वाराणसी के स्थानीय निवासी न होकर अंबेडकरनगर में शहजादपुर से आकर यहां भिक्षावृत्ति के रैकेट या समूह की तरह काम कर रहे थे।

पर्यटकों से अभद्रता और नशाखोरी की मिल रही थी शिकायतें

आश्रम प्रबंधन और टीम के अनुसार, दशाश्वमेध घाट और आसपास के इलाकों में साधु वेशधारी इन बहरूपियों के कारण काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।

ये लोग घाट पर बैठकर न केवल जबरन भिक्षा के लिए पर्यटकों को परेशान करते थे, बल्कि घाट किनारे खुलेआम गांजा और अन्य मादक पदार्थों का सेवन भी करते थे। इससे धार्मिक वातावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही थी।

संकटमोचन मंदिर के बाद अब घाटों की बारी

अपना घर आश्रम के संरक्षक डॉ. कुमार निरंजन ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने का अभियान निरंतर जारी है। इससे पहले अपना घर आश्रम की टीम ने नगर निगम, समाज कल्याण विभाग और स्थानीय पुलिस के समन्वय से प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर परिसर को पूरी तरह से भिखारी मुक्त करने में सफलता हासिल की है।

अब इसी तर्ज पर गंगा घाटों और अन्य प्रमुख मंदिरों के आसपास भी सघन अभियान चलाकर वास्तविक जरूरतमंदों का पुनर्वास किया जा रहा है और भिक्षावृत्ति की आड़ में अवैध गतिविधियों या पहचान छिपाकर रहने वालों पर नकेल कसी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।