मार्कण्डेय महादेव धाम में मनीषा कोइराला ने मत्था टेका, देर शाम की गंगा आरती
वाराणसी स्थित कैथी में मार्कण्डेय महादेव धाम में रविवार को फिल्म अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने अपने परिजनों संग दोपहर में मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया।
वाराणसी, जेएनएन । कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव धाम में रविवार को फिल्म अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने परिजनों के साथ दोपहर में दर्शन पूजन किया। इस दौरान धाम के पुजारी मुन्ना गिरी, रिंकू बाबा आदि पुजारियों ने मंत्रोच्चारण कर दर्शन पूजन व आरती कराया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुटती वह यहां से निकल गईं। मनीषा कोइराला ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं बनारस में काफी समय रही हूं पर चाह कर भी दर्शन नही कर पायी थी। आज मार्कण्डेय महादेव का मैं विधिवत दर्शन पूजन कर धन्य हो गयी। वहीं शाम को वह गंगा आरती करने भी पहुंचीं।
काशी के मंदिरों में दर्शन पूजन : इससे पूर्व वह दो दिनों से वाराणसी में रहकर काशी विश्वनाथ दरबार में भी मत्था टेकने के साथ वह मीरजापुर स्थित विंध्याचल धाम में भी दर्शन पूजन कर चुकी हैं। उनकी मां ने भी बताया था कि कैंसर से मुक्त होने के बाद मनीषा कोइराला काशी के मंदिरों में दर्शन पूजन करने आई हैं।
गंगा आरती में लिया हिस्सा : दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा दैनिक मां गंगा की महाआरती में पहुंचीं अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने मां गंगा का वैदिक रीति से गंगा पूजन किया। मां गंगा से आशीर्वाद के बाद गंगा की आरती देख भाव विभोर हुईं। इस दौरान उन्होंने आरती की तस्वीरें लेने के साथ माँ गंगा से स्वस्थ रहने की कामना मांगी। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र, सचिव सुरजीत सिंह, हनुमान यादव ने गंगा आरती का मोमेंटो अंगवस्त्रम व प्रसाद देकर स्वागत किया। वहीं घाट पर मौजूद सैकड़ो श्रद्धालुओं ने मनीषा कोइराला का हर हर महादेव से स्वागत किया।