वाराणसी में छोटे घरेलू सिलेंडर से सिर कूचकर युवक की हत्या, परिवार में पसरा मातम
वाराणसी में अंकित राजभर नामक युवक की छोटे गैस सिलेंडर से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। गाली देने के ...और पढ़ें

वाराणसी में पुरानी रंजिश में युवक की सिलेंडर से हत्या, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश।
HighLights
वाराणसी में युवक अंकित राजभर की हत्या।
छोटे गैस सिलेंडर से सिर पर वार किया।
गाली देने के विरोध पर हुई वारदात।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के किसान चौक कोनिया निवासी 28 वर्षीय अंकित राजभर खाना खाने के बाद शनिवार की रात को घर से बाहर टहलने निकला था। कोनिया घाट के मौर्या किराना की दुकान के पास अंकित का सामना किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े से हो गया।
किशन किसी बात को लेकर अंकित को गाली देने लगा जिसका अंकित ने विरोध किया। इसके बाद किशन ने अपने भाई को बुलाया और पास में मौजूद पांच लीटर के छोटे सिलेंडर से अंकित के सिर पर कई वार कर दिया। उसे मरा समझकर छोड़कर दोनों भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन अंकित को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए स्वजनों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और समझाकर शांत करा दिया।
जानकारी के अनुसार अंकित राजभर के पिता छुन्नी लाल और मां सरस्वती का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका बड़ा भाई मोहन लाल है, जो दिव्यांग है। मोहन लाल की पत्नी रीना ने बताया कि अंकित मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
शनिवार की रात को वह घर से निकला था। इस दौरान किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े ने अपने भाई अजय विश्वकर्मा के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। जिस स्थान पर वारदात हुई, उसके पास ही गैस रिफिलिंग का काम होता है। आसपास के कुछ लोगों ने पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात बताई।
हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गाली का विरोध करने पर किशन विश्वकर्मा उर्फ बूढ़े ने अपने भाई व अन्य लोगों के साथ मिलकर घरेलू छोटा सिलेंडर से वारकर अंकित की हत्या की है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।