बलिया में दो लोगों के बीच विवाद में हुई फायरिंग के दौरान छत पर खड़े युवक को लगी गोली
रेवती थाना अंतर्गत रामपुर गांव में शनिवार की रात दो पक्षों में वाद विवाद के दौरान फायरिंग के चलते छत पर खड़े एक युवक को गोली लगने से घायल हो गया।
बलिया, जेएनएन। रेवती थाना अंतर्गत रामपुर गांव में शनिवार की रात दो पक्षों में वाद विवाद के दौरान फायरिंग के चलते छत पर खड़े एक युवक को गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस द्वारा फायरिंग करने वाले युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
शनिवार की रात करीब आठ बजे पियरौटां गांव निवासी राजीव सिंह उर्फ पुप्पू सिंह रामपुर गांव गये थे। संतोष गुप्ता (33 वर्ष) के घर के समीप किसी मामले को लेकर उसका विमलेश पांडेय उर्फ पिन्टू पांडेय से वाद विवाद हो गया। वाद विवाद के दौरान कट्टा से हुई फायरिंग के चलते छत पर खड़े संतोष गुप्ता को आंख के पास गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ शैलेश सिंह मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और घायल संतोष गुप्ता को सीएचसी रेवती पर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के पश्चात तत्काल उसे बलिया के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस द्वारा राजीव सिंह उर्फ पुप्पू सिंह को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।