वाराणसी में हर पात्र व्यक्ति को बनाएं मतदाता, वोटर लिस्ट में महिलाओं की बढ़ाएं संख्या
निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने वाराणसी में मतदाता सूची की प्रगति की समीक्षा की, जिसमें स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और त्रुटिरहित सूची पर जोर दिया गया। उन्होंने युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने, फॉर्म-6 भरने और बूथ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

हर पात्र व्यक्ति को बनाएं मतदाता, वोटर लिस्ट में महिलाओं की बढ़ाएं संख्या।
HighLights
मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।
युवाओं और पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करें।
प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता सुनिश्चित करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को कमिश्नरी सभागार में निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ निर्वाचन संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बैठक के दौरान विधानसभावार इपिक रेशियों, जेंडर रेशियों तथा अन्य कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपादित हो। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो। कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता बनने से छूटने न पाए। महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों एवं भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर एवं अभियान चलाकर युवा मतदाताओं से फार्म-6 भरवाया जाए ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज हो सके।
सिनेमा हालों में भी विज्ञापन के माध्यम से लोगों को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाए। जेण्डर रेशियों का प्रतिशत कम पाए जाने पर उन्होंने अभियान चलाकर पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाते हुए उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाने पर बल दिया।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी समन्वय बनाकर इस कार्य में सहयोग लिया जाए। फार्म-8 संशोधन से संबंधित कार्यों पर सतत निगरानी रखी जाए। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पूर्णत: पालन किया जाए। वोटर लिस्ट त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाने में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बूथों के समीक्षा के दौरान चुनाव आयुक्त ने कहा कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। बूथ पर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित होना चाहिए। निर्वाचन आयुक्त ने नए वोटरों के द्वारा भरे गए फार्मों को देखा एवं और बूथ पर उपस्थित युवा एवं नए मतदाताओं से वार्ता भी की। बैठक में मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार एवं सभी ईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से संबंधित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।