वाराणसी में जगन्नाथ मंदिर के पुजारी का बेटा चला रहा था असलहा फैक्ट्री, पुलिस ने पुजारी को भी बनाया आरोपी
लंका पुलिस ने आरक्षी अमित शुक्ला को गोली मारने वाले बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर एक अवैध असलहा फैक्ट्री ...और पढ़ें
HighLights
आरक्षी को गोली मारने वाले बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार।
लंका पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री का किया भंडाफोड़।
भारी मात्रा में हथियार और मशीनें बरामद, पुजारी भी आरोपी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लंका थाने पर तैनात आरक्षी अमित शुक्ला को गोली मारने वाले बदमाशों को पुलिस ने चंद घंटों में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने के बाद जांच और पूछताछ के दौरान लंका पुलिस ने बड़ा अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का राजफाश किया है।
लंका थाने पर प्रेसवार्ता के दौरान एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा और उनकी टीम को एक लाख का पुरस्कार दिलाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने किराए के मकान में चल रहे अवैध असलहे बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
जहां से कई मशीनें और भारी मात्रा में उपकरण तथा निर्मित और अर्धनिर्मित असलहे बरामद हुए हैं। फैक्ट्री का मुख्य सरगना अंजनी नंदन झा जगन्नाथ मंदिर के विमल झा पुजारी का लड़का है। जिसमें पुलिस ने पुजारी को भी आरोपित बनाया है । लंका थाने की क्राइम टीम में तैनात सिपाही अमित शुक्ला को गोली मारने वाले एक बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने के कुछ घंटे बाद ही दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद शनिवार की भोर में सामनेघाट में असलहे की बरामदगी के लिए गए दोनों बदमाशों ने छिपाए गए असलहे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी जिन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज कराया गया। दोनों के पास से 32 बोर की 2 देशी पिस्टल, एक अवैध रिवाल्वर, छह खोखा कारतूस और दो कारतूस बरामद किया।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि 30 अक्टूबर की रात असलहा तस्करी की सूचना पर लंका पुलिस टीम आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बृज इन्क्लेव अपार्टमेंट के पास आरोपितों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जिसमें आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को तीन गोली लगने के बाद आरोपित स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस ने पीछा करते हुए लौटूबीर अंडरपास के पास मुठभेड़ में राज विश्वकर्मा निवासी गड़वाघाट रमना को पकड़ लिया।
इसके बाद शनिवार की भोर में पुलिस ने फरार दो अन्य आरोपितों भेलूपुर निवासी अंजनी नंदन झा (24) और बिहार के गोपालगंज जिले के रामपुर खरेया निवासी राजू तिवारी (21) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे असलहा बेचने के इरादे से बृज इन्क्लेव अपार्टमेंट के पास पहुंचे थे। जहां पुलिस द्वारा पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस ने दो आरोपितों को शनिवार को जेल भेज दिया जबकि एक आरोपित से पूछताछ चल रही थी। जिसने पूछताछ में बताया कि सामनेघाट के एक किराए के कमरे में फैक्ट्री लगा रखा है जहां असलहा बनाने की कई आधुनिक मशीनें और भारी मात्रा में उपकरण रखा है।
मौके पर पहुंची लंका पुलिस ने कमरे का नजारा देखा तो होश उड़ गए। मौके से पुलिस ने निर्मित और अर्धनिर्मित असलहे बरामद किए हैं।बरामद सामान में तीन देसी पिस्टल .32 बोर, 143 जिंदा कारतूस, 24 खोखा कारतूस, हथियार बनाने की मशीनें, औजार, लोहे के टुकड़े, धातु, लिक्विड और नाप-तौल की मशीनें शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।