वाराणसी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने काशी को दी वंदे भारत स्लीपर और नई मेमू ट्रेन की सौगात
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और नई मेमू सेवाओं का शुभारंभ किया, जिससे काशी, ...और पढ़ें

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने काशी को दी वंदे भारत स्लीपर और नई मेमू ट्रेनों की सौगात।
HighLights
वंदे भारत स्लीपर और नई मेमू सेवाओं का शुभारंभ।
काशी-प्रयागराज-दिल्ली यात्रा अब होगी अधिक सुगम।
बुलेट ट्रेन के 'नॉर्थ कॉरिडोर' की ऐतिहासिक घोषणा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को वाराणसी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान काशी और पूरे पूर्वांचल के लिए विकास की कई बड़ी सौगातों का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने देश की अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और नई मेमू (MEMU) सेवाओं का शुभारंभ किया। रेल मंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन नई सुविधाओं से काशी, प्रयागराज और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच का सफर बेहद आसान और आरामदायक हो जाएगा।
काशी और प्रयागराज के बीच शुरू हुईं नई मेमू सेवाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि जब शहर बड़े हो जाते हैं, तो एक कोने से दूसरे कोने तक आने-जाने के लिए आधुनिक यातायात व्यवस्था की आवश्यकता होती है। इसी विजन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए 10 नई मेमू सेवाओं की शुरुआत की गई है।
इनमें से 8 मेमू सेवाएं शहर के भीतर (बनारस सिटी, बनारस कैंट, बनारस स्टेशन, भुलनपूर, हरदत्तपुर और राजातालाब आदि) सुबह से शाम तक संचालित होंगी, जिससे स्थानीय नागरिकों, छोटे व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, दो विशेष मेमू सेवाएं काशी को प्रयागराज (प्रयागराज रामबाग) से जोड़ेंगी, जो झूंसी, ज्ञानपुर रोड, माधव सिंह और राजातालाब के रास्ते चलेंगी। छात्रों और दैनिक यात्रियों के लिए इसे बेहद किफायती बनाया गया है; वाराणसी सिटी से राजातालाब का मासिक सीजन टिकट (MST) मात्र 95 रुपये और बनारस से प्रयागराज रामबाग का छात्रों के लिए एमएसटी मात्र 220 रुपये रखा गया है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन: यूरोपियाई स्तर की आधुनिक सुविधाएं और किफायती किराया
रेल मंत्री ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसमें यात्रियों के साथ-साथ लोको पायलट और ऑन-बोर्ड स्टाफ की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में फिसलन और पुरानी तकनीकी समस्याओं को पूरी तरह दूर किया गया है। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर होते हुए दिल्ली (अलीगढ़ और गाजियाबाद के रास्ते) तक का सफर तय करेगी।
इसका समय इस प्रकार तैयार किया गया है कि यात्री रात में बनारस में सोएं और सुबह तरोताजा दिल्ली पहुंच जाएं, या फिर दिल्ली से रात में चलकर सुबह बनारस पहुंच सकें। रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार इसका किराया बेहद किफायती रखा गया है ताकि आम जनता भी इस वर्ल्ड-क्लास ट्रेन का लाभ उठा सके।
बुलेट ट्रेन का नॉर्थ कॉरिडोर: बदलेगी पूर्वांचल की तस्वीर
अपने संबोधन के अंत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक और ऐतिहासिक घोषणा करते हुए बताया कि सरकार ने बुलेट ट्रेन के 'नॉर्थ कॉरिडोर' को मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, बनारस, प्रयागराज और आगे पटना से सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा।
इसके बन जाने से देश के प्रमुख शहरों के बीच की दूरी सिमट जाएगी। रेल मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि भविष्य में दिल्ली से कानपुर की यात्रा मात्र 1 घंटे, दिल्ली से आगरा 59 मिनट और दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 2 घंटे 12 मिनट में पूरी हो सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बुनियादी ढांचा आने वाले 100 वर्षों तक देश की पीढ़ियों और लघु उद्योगों के विकास को नई गति देगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभा को संबोधित किया और पूर्वांचल के विकास के इन नए आयामों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।