देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर मुख्य आयोजन, चार शहीद परिवारों को मिलेगा भागीरथ शौर्य सम्मान, मुस्लिम परिवार भी शामिल
गंगा सेवा निधि ने देव दीपावली की तैयारियों की जानकारी दी, जिसमें काशी के 84 घाटों पर दीपक जलेंगे और रंगोली बनेगी। दशाश्वमेध घाट पर मुख्य आयोजन होगा, जहां चार शहीद परिवारों को भागीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर भव्य आयोजन, शहीद परिवारों का सम्मान।
HighLights
काशी के 84 घाटों पर भव्य देव दीपावली का आयोजन।
दशाश्वमेध घाट पर चार शहीद परिवारों का सम्मान।
पद्मश्री अनूप जलोटा की भजन संध्या होगी आयोजित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली को लेकर गंगा सेवा निधि ने शनिवार को आयोजन को लेकर जानकारी दी। अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पर्व को भव्य रूप से और बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। काशी के अर्धचंद्र आकार के 84 घाटों पर दीपक जलेंगे और रंगोली बनेगी।
उन्होंने बताया कि दशाश्वमेध घाट पर 1999 के विजय युद्ध के बाद से गंगा सेवा निधि ने अध्यात्म को राष्ट्रवाद से जोड़ा और तभी से भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इस वर्ष भागीरथ शौर्य सम्मान में चार शहीद परिवारों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। इनमें दो सीआरपीएफ और दो आरपीएफ के जवानों के परिवार हैं।
इनमें एक मुस्लिम परिवार भी है, जिनके बेटे ने वीरगति प्राप्त की है। प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये की सहायता धनराशि भी दी जाएगी। कार्यक्रम में 21 ब्राह्मणों द्वारा भगवती माँ गंगा का वैदिक रीति से पूजन होगा और 21 ब्राह्मण व 42 कन्याओं द्वारा भव्य महाआरती होगी।
इसके बाद पद्मश्री अनूप जलोटा की भजन संध्या होगी। इस बार दशाश्वमेध घाट को भव्य तिरंगे की थीम पर सजाया जाएगा। सुरक्षा के लिए घाट प्रांगण में 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग गंगा सेवा निधि और जल पुलिस करेगी। भारत सेवा आश्रम के 50 और गंगा सेवा निधि के करीब 100 स्वयंसेवक घाट पर तैनात रहेंगे।