महानगरी एक्सप्रेस फिर पुराने नंबर से दौड़ेगी, बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस का भी नंबर बदला, सफर से पहले जान लें बदलाव
रेलवे प्रशासन ने महानगरी एक्सप्रेस और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस के ट्रेन नंबरों में बदलाव किया है। ये बदलाव 1 जनवरी 2027 ...और पढ़ें

महानगरी और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस के ट्रेन नंबर बदले, जानें नई जानकारी।
HighLights
महानगरी एक्सप्रेस का नंबर 22177/22178 से 11093/11094 हुआ।
बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस का नंबर 12167/12168 से 11067/11068।
संसदीय समिति की आपत्ति पर सुपरफास्ट से एक्सप्रेस श्रेणी में बदलाव।
जागरण संवाददाता, वाराणसी: रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना है, अब मुंबई में रेल का सफर करने के पहले ट्रेन का बदला हुआ नंबर जान लेना जरूरी है। रेलवे प्रशासन ने महानगरी एक्सप्रेस और बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस के नंबरों में परिवर्तन किया है। दोनों ट्रेनें एक जनवरी 2027 से अपने पुराने नंबरों से संचालित होंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 22177 वाराणसी-मुंबई महानगरी एक्सप्रेस एक जनवरी 2027 से पुराने नंबर 11093 बनकर चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 22178 मुंबई-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस इसी तिथि से 11094 नंबर से रवाना होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12167 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी)-बनारस एक्सप्रेस का नंबर बदलकर एक जनवरी 2027 से 11067 कर दिया गया है। जबकि वापसी गाड़ी संख्या 12168 बनारस-एलटीटी एक्सप्रेस भी परिवर्तित नंबर 11068 से चलेगी।
गौरतलब है कि संसदीय समिति ने इन दोनों ट्रेनों के सुपरफास्ट होने के दर्जे पर सवाल उठाया था। समिति ने कहा था कि औसत गति और ठहराव के मानकों पर ये गाड़ियां सुपरफास्ट की श्रेणी में नहीं आतीं। इस आपत्ति के बाद रेलवे बोर्ड ने महानगरी सुपरफास्ट और बनारस-एलटीटी सुपरफास्ट की श्रेणी में संशोधन करते हुए इन्हें एक्सप्रेस श्रेणी में कर दिया है। इसी कारण इनके नंबर भी 22 और 12 सीरीज से हटाकर पुरानी 11 सीरीज में वापस किए गए हैं।