CBSE 2020 परीक्षा में अंकों की 'केमिस्ट्री' के लिए केमिस्ट्री पर फोकस, रिवीजन के लिए बचा कम समय
सीबीएसई के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं।
वाराणसी, जेएनएन। सीबीएसई के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों के पास परीक्षा की तैयारी के लिए अब समय काफी कम है। सभी विद्यालयों में हाईस्कूल व इंटर का कोर्स पहले ही पूरा कराया जा चुका है। वर्तमान समय रीविजन का है। रीविजन कर हम सभी प्रश्नपत्रों में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर सकते हैं। रही बात 12वीं केमिस्ट्री की। साइंस के विद्यार्थियों को अंकों की केमिस्ट्री ठीक करने के लिए केमिस्ट्री पर अधिक फोकस करने की जरूरत है। कुछ छात्रों को केमिस्ट्री काफी कठिन लगती है। ऐसे छात्रों को फॉर्मूले व कैलकुलेशन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कैलकुलेशन व फॉमूले की समझ से ही केमिस्ट्री में अच्छे अंक हासिल किए जा सकते हैं। संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल (कोईराजपुर-हरहुआ) की उप प्रधानाचार्य व केमिस्ट्री की प्रवक्ता डा. नीलम सिंह के अनुसार सीबीएसई 12वीं के रसायन विज्ञान में अच्छे अंक हासिल करने के कुछ टिप्स इस प्रकार हैं।
टिप्स
- सीबीएसई में 70 अंक के सवाल पूछे जाएंगे। इसमें थ्योरी व न्यूमेरिकल दोनों प्रश्न शामिल हैं।
- सभी सवाल एनसीईआरटी की पुस्तक से ही पूछे जाएंगे। ऐसे में एनसीईआरटी की किताबों से करें तैयारी।
- केमिस्ट्री याद करने का विषय नहीं है। ऐसे में अधिक से अधिक प्रेक्टिस कर समझने का करें प्रयास।
- फिजिकल केमिस्ट्री के महत्वपूर्ण फार्मूलों का एक चार्ट करें तैयार।
-इलेक्ट्रोकेमिस्ट्री, इनऑर्गेनिक, केमिकल काइनेटिक्स एंड सॉल्यूशंस पर दें विशेष ध्यान।
- ऑर्गेनिक केमिस्ट्री बेसिक कांसेप्ट को अच्छी तरह समझ लें। इसमें पूरे-पूरे अंक मिलना तय है।
-डायग्राम को अच्छे तरीके से समझें क्योंकि केमिस्ट्री में आंसर के बीच डायग्राम बनाने से सामने वाले को आसानी से समझ आ जाता है।
-सिलेबस व मॉडल पेपर के आधार पर अध्यायवार प्रश्न को समझें एवं निरंतर अभ्यास करें।
-अपने द्वारा बनाये गए नोट्स से प्रश्न को याद करने का प्रयास करें।
- निर्धारित शब्द सीमा में प्वाइंट वाइज प्रश्नों के उत्तर दें।
-रासायनिक अभिक्रियाओं के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान दें।
- परीक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने प्रत्येक पाठ के एक-एक बिंदु पर अध्ययन करें।
- प्रमुख रासायनिक अभिक्रिया के क्रिया विधि पर विशेष ध्यान दें।
-रासायनिक अणुओं के आकार, आकृति व संस्करण पर विशेष ध्यान दें।
-रासायनिक अभिक्रियाओं को संतुलित करने का प्रयास करें।
गुरु मंत्र
- खुद को रखें शांत, लें भरपूर नींद।
- परीक्षा के समय स्वयं को तनाव रखें मुक्त।
- तनाव से रहें दूर, आत्मविश्वास बनाए रखने की जरूरत।
- परीक्षा में यदि कोई सवाल कठिन लगे तो समय न करें बर्बाद।
- सवालों को अच्छी तरह समझने के बाद ही करें हल।
- परीक्षा में भी जो सवाल सरल लगे उसे पहले करें हल।
-टाइम मैनेजमेंट का विशेष रखें ध्यान।
-सवालों को हल करते समय बनाए रखें एकाग्रता।
- अपने स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान। देररात तक पढऩा स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं।
कैसे कैसे होंगे प्रश्न
-एक-एक अंकों के 20 प्रश्न।
-दो-दो अंकों के सात लघु उत्तरीय प्रश्न।
-तीन-तीन अंकों के सात लघु उत्तरीय प्रश्न होंगे।
-पांच-पांच अंकों के तीन दीर्घ उत्तरीय प्रश्न।
किस-किस पाठ से कितने अंक
-विलयन से पांच अंक,
-विद्युत रसायन से आठ अंक
-रासायनिक बलगतिकी पांच अंक,
-पृष्ठ रसायन से पांच अंक
-पी-ब्लाक, डी और एफ ब्लाक से आठ अंक
-उपसह संयोजक यौगिक से पांच अंक
-धातुकर्म से छह अंक
-कार्बनिक रसायन से 28 अंक।