विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर वाराणसी के रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक वृहद महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित ...और पढ़ें

विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस पर वाराणसी में महिला जागरूकता कार्यक्रम।
HighLights
रमना पीएचसी में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
एचपीवी संक्रमण और नियमित जांच के महत्व पर जोर।
महिलाओं को संकोच छोड़कर जांच कराने का संदेश दिया गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। विश्व सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह के निर्देशन में रमना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वृहद महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजकीय चिकित्साधिकारी डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को गर्भाशय के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) के प्रति जागरूक करना तथा इसकी रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार के महत्व की जानकारी देना रहा।
इस अवसर पर डॉ. द्विवेदी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर रोग है, लेकिन समय रहते इसकी पहचान और उचित उपचार से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। इसका प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) का संक्रमण है। उन्होंने बताया कि शुरुआती अवस्था में इस बीमारी के लक्षण स्पष्ट नहीं भी हो सकते हैं, इसलिए निर्धारित आयु एवं चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमित स्क्रीनिंग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने महिलाओं को असामान्य योनि रक्तस्राव, संभोग के बाद रक्तस्राव, मासिक धर्म के बीच रक्तस्राव तथा असामान्य योनि स्राव जैसे संभावित चेतावनी संकेतों के प्रति सचेत किया। साथ ही एचपीवी टीकाकरण, नियमित स्क्रीनिंग, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और निर्धारित उपचार को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं नियंत्रण के महत्वपूर्ण उपाय बताया।
कार्यक्रम में महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि सर्वाइकल कैंसर से संबंधित जांच कराने में किसी प्रकार का संकोच न करें। सही जानकारी, समय पर जांच और जागरूकता ही इस बीमारी के विरुद्ध सबसे प्रभावी कदम हैं।
डॉ. द्विवेदी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम केवल चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक महिला तक सही जानकारी पहुंचे, कोई भी महिला अज्ञानता या संकोच के कारण समय पर जांच और उपचार से वंचित न रहे।