विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वाराणसी में तीन दिनी प्रकाश पर्व पर काम कोटिश्वर महादेव की निकली पालकी यात्रा, चंद्रमौलिश्वर की महाआरती

By Saurabh ChakravartyEdited By:
Published: Tue, 02 Nov 2021 10:03 PM (IST)

वाराणसी के हनुमान घाट पर प्राचीन परंपरा के अनुसार कांची कामकोटि मंदिर में प्रभु कामकोटिश्वर महादेव की प्रदोषी यात्रा निकाली ...और पढ़ें

हनुमान घाट स्थित कांचीकामकोटि मंदिर में प्रदोष के अवसर पर निकली श्रीकामकोटिश्वर महादेव की पालकी यात्रा।
हनुमान घाट स्थित कांचीकामकोटि मंदिर में प्रदोष के अवसर पर निकली श्रीकामकोटिश्वर महादेव की पालकी यात्रा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्राचीन परंपरा के अनुसार कांची कामकोटि मंदिर में प्रभु कामकोटिश्वर महादेव की प्रदोषी यात्रा निकाली गई। नंदी पर सवार महादेव तथा संग में विराज रही गौरी के दर्शन करने के लिए भक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ी। इसके पूर्व वेदघोष के बीच वैदिक विद्वानों ने पवित्र ऋचाओं की गूंज के बीच कामकोटिश्वर का भव्य अभिषेक किया।

इस अवसर पर पार्श्ववर्ती श्री कांची कामकोटि मठ प्रागंण में प्रतिष्ठित चंद्रमौलिश्वर महादेव की महाआरती तथा जगदंबा कामाक्षी देवी मदुरै मीनाक्षी व काशी विशालाक्षी के संयुक्त श्रृंगार के बीच सुहागिन महिलाओं ने दीप शिखाएं प्रज्वलित कर संस्थान के तीन दिवसीय प्रकाश पर्व का शुभारंभ किया। आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दक्षिण भारत के कोने-कोने से आए तीर्थयात्रियों ने इस अनुपम झांकी का दर्शन किया। उत्सव के प्रथम दिन के समापन के अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के साथ देवी के कोष से निकाले गए खजाने का वितरण किया गया। संपूर्ण केदार क्षेत्र इस मौके पर हर-हर शंकर, जय-जय शंकर के निनाद से गूंजता रहा। उत्सव का संयोजन कांची मठ के स्थानीय संरक्षक तथा प्रबंधक सुब्रमण्यम "मणिजी" ने किया। उन्होंने बताया कि अन्नकूट तक प्रकाश पर्व के विविध अनुष्ठानों का क्रम निरंतर जारी रहेगा।

आयुर्वेद महाविद्यालय में भगवान धनवंतरि का पूजन

छठें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेद महाविद्यालय में मंगलवार को आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरि का पूजन-अर्चन किया गया। जन स्वास्थ्य कामना से हवन-यज्ञ किया गया। पूजन-अर्चन प्राचार्य प्रो. नीलम गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस मौके पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, चिकित्साधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।