काशी में जुटेंगे देशभर के टैक्स विशेषज्ञ, आयकर-जीएसटी और नए कर कानूनों पर होगा मंथन
काशी टैक्स कॉन्क्लेव-2026 वाराणसी में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होगा, जहां देशभर के कर विशेषज्ञ आयकर, जीएसटी और नए कर कानूनों पर मंथन करेंगे।

HighLights
काशी टैक्स कॉन्क्लेव 2-4 अक्टूबर तक वाराणसी में आयोजित।
आयकर, जीएसटी और नए कर कानूनों पर विशेषज्ञ करेंगे मंथन।
ऑल इंडिया फेडरेशन की स्वर्ण जयंती का समापन भी होगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देशभर के आयकर अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर प्रैक्टिशनर और कर व्यवसायी दो से चार अक्टूबर तक कैंटोनमेंट स्थित होटल क्लार्क में आयोजित काशी टैक्स कान्क्लेव-2026 में जुटेंगे। इनकम टैक्स बार एसोसिएशन, ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स और जीएसटी बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में आयकर, जीएसटी और नए कर कानूनों से जुड़े समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
यह जानकारी गुरुवार को मकबूल आलम रोड स्थित आयकर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। सम्मेलन के मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला होंगे।
इसी अवसर पर आल इंडिया फेडरेशन आफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह का समापन भी होगा। दो अक्टूबर को बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें गंगा क्रूज से गंगा विहार, क्रूज से गंगा आरती के दर्शन, रुद्राभिषेक और भजन संध्या प्रस्तावित है।
तीन और चार अक्टूबर को राष्ट्रीय कर सम्मेलन के विभिन्न सत्र होंगे। इनमें आयकर और अन्य कर कानूनों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। पत्रकार वार्ता में कान्फ्रेंस एडवाइजर अरविंद शुक्ला, को-चेयरमैन ओमप्रकाश शुक्ला, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन आसिम जफर, अध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, सचिव वरुण कुमार सिंह और मीडिया प्रभारी हर्ष सिंह मौजूद रहे।
