विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संस्कृति के साथ शोध, तकनीक और स्टार्टअप का भी सेतु बनेगा काशी तमिल संगमम्

By Vns Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 02:57 PM (IST)

काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम' थीम के साथ आयोजित होगा। यह आयोजन अब संस्कृति के साथ शोध, तकनीक, उद्यमिता और कौशल विकास के आदान-प्रदान का भी मंच बन रहा है।

काशी तमिल संगमम्: संस्कृति, शोध और स्टार्टअप का नया संगम।

काशी तमिल संगमम्: संस्कृति, शोध और स्टार्टअप का नया संगम।

HighLights

  1. पांचवां काशी तमिल संगमम् 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक।

  2. 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम' थीम पर आधारित होगा यह संस्करण।

  3. शोध, तकनीक, उद्यमिता और कौशल विकास पर विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, वाराणसी : काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ काशी तमिल संगमम् अब शोध, तकनीक, उद्यमिता और कौशल विकास के आदान-प्रदान का भी मंच बन रहा है। 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले पांचवें संस्करण की थीम 'तिरुक्कुरल पयिल्वोम' (आइए, तिरुक्कुरल का अभ्यास करें) रखी गई है।

इसके तहत तमिल साहित्य के महान रचनाकार तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना तिरुक्कुरल के जीवनोपयोगी संदेशों को उत्तर भारत के विद्यार्थियों और आमजन तक पहुंचाने का प्रयास होगा। इस बार तमिलनाडु से सात समूहों में करीब 1750 प्रतिनिधि काशी आएंगे। प्रत्येक समूह में लगभग 250 सदस्य होंगे।

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी और आइआइटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने आयोजन की तैयारियों और इस बार की नई पहलों की जानकारी दी। बताया कि उद्घाटन समारोह 28 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा। इसमें उपराष्ट्रपति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल होंगे। तमिलनाडु से पत्रकार, साहित्यकार, महिलाएं, किसान, हस्तशिल्पी, विद्यार्थी और शिक्षक अलग-अलग समूहों में आएंगे। प्रत्येक समूह के पेशे और रुचि के अनुरूप कार्यक्रम तैयार किए गए हैं।

तिरुक्कुरल के 1300 से अधिक युग्मों से परिचित होंगे विद्यार्थी

इस बार का प्रमुख आकर्षण तिरुक्कुरल का अध्ययन है। तमिल भाषा के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल में जीवन के विभिन्न पक्षों से जुड़े करीब 1300 से 1400 युग्मक हैं। इन्हें तीन भागों में बांटा गया है, जिनमें सद्गुण, धन और प्रेम से जुड़े जीवन मूल्य समाहित हैं। इनकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उत्तर भारत में इस ग्रंथ के बारे में अपेक्षाकृत कम जानकारी होने के कारण इस बार इसके संदेशों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की पहल की गई है।

इसके लिए देशभर के एक हजार शिक्षण संस्थानों से एक-एक विद्यार्थी का चयन किया जाएगा। ये विद्यार्थी तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे। इसके बाद उनके बीच प्रतियोगिता होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा तमिलनाडु से करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे, जो यहां के स्कूली बच्चों को तमिल भाषा सिखाएंगे। वे वाराणसी के साथ अयोध्या और प्रयागराज में भी शिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे। इसमें प्रदेश सरकार का स्कूल शिक्षा विभाग सहयोग कर रहा है।

बीएचयू की विरासत से परिचित होंगे प्रतिनिधि

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि काशी तमिल संगमम् 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को जमीन पर उतारने वाला आयोजन है। इसमें दोनों राज्यों के लोग एक-दूसरे की संस्कृति और विशेषताओं को समझने के साथ शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धियों से भी परिचित होते हैं। बीएचयू आने वाले प्रतिनिधियों को महामना अभिलेखागार, प्राच्य भवन, केंद्रीय पुस्तकालय सहित विश्वविद्यालय की विशिष्टताओं से परिचित कराया जाएगा।

प्रतिनिधियों के लिए काशी में दो दिन का कार्यक्रम रहेगा। एक दिन बीएचयू और आइआइटी (बीएचयू) की गतिविधियों में भागीदारी के बाद सारनाथ भ्रमण होगा, जबकि दूसरे दिन नमो घाट और आसपास की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता होगी। प्रतिनिधि अयोध्या और प्रयागराज भी जाएंगे। उनके आवागमन और ठहरने की व्यवस्था आइआरसीटीसी देखेगी। सात समूह 29 नवंबर से 11 दिसंबर के बीच दो-दो दिन के अंतराल पर काशी पहुंचेंगे।

कुलपति ने बताया कि आयोजन किसी एक संस्थान तक सीमित नहीं है। इसमें बीएचयू, आइआइटी (बीएचयू), आईआईटी मद्रास, जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के विभिन्न विभाग समन्वय से भूमिका निभा रहे हैं। बीएचयू के नोडल अधिकारी प्रो. अच्युत शिवास्तव समन्वय का दायित्व संभाल रहे हैं। आयोजन की परिकल्पना, प्रतिनिधियों के चयन और व्यवस्थाओं में आईआईटी मद्रास का महत्वपूर्ण सहयोग है।

आइआइअटी मद्रास के सहयोग से मजबूत होगा स्टार्टअप इकोसिस्टम

आइआइटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि वह तीसरी बार इस आयोजन में भागीदारी कर रहे हैं। काशी तमिल संगमम् केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, शोध, स्टार्टअप और कौशल विकास में एक-दूसरे से सीखने का अवसर भी है। तमिलनाडु की तकनीकी और शोध संबंधी उपलब्धियों से उत्तर प्रदेश के संस्थान काफी कुछ सीख सकते हैं। आईआईटी मद्रास का रिसर्च पार्क जैसी पहल भी प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि आइआइटी मद्रास का ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर आईआईटी (बीएचयू) के स्टार्टअप इकोसिस्टम को विकसित करने में सहयोग कर रहा है। काशी तमिल संगमम् के दौरान दोनों संस्थानों के बीच यह संपर्क विकसित हुआ और अब इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान भी जरूरी है।

आयोजन के बाद भी कायम रह रहे व्यक्तिगत संबंध

प्रेसवार्ता में पिछले चार आयोजनों के प्रभाव और उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई। कुलपति ने कहा कि प्रतिभागियों के बीच बने आत्मीय संबंध आयोजन के बाद भी फोन, वाट्सएप, ईमेल और वीडियो कॉल के माध्यम से कायम रहते हैं। कई प्रतिभागी दोबारा काशी आने की इच्छा जताते हैं। हालांकि पिछले संस्करण की 'आओ तमिल सीखें' थीम के तहत कितने लोगों ने तमिल सीखी और इसका वर्षभर में कितना प्रभाव पड़ा, इसका व्यवस्थित आंकड़ा तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने इसे भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव बताया।

प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से शिक्षकों और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, शोध और उपलब्धियों को व्यापक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। नए शैक्षणिक और तकनीकी संबंध भी विकसित होते हैं। दोनों संस्थानों के बीच उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग इसका उदाहरण है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।