विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए यूपी की अंडर-16 टीम में काशी के निष्कर्ष पांडेय का चयन

By Rajesh GuptaEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 29 Nov 2026 11:32 AM (IST)

बड़ागांव, वाराणसी के क्रिकेटर निष्कर्ष पांडेय का चयन विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।

वाराणसी के निष्कर्ष पांडेय का विजय मर्चेंट ट्रॉफी यूपी अंडर-16 टीम में चयन।

वाराणसी के निष्कर्ष पांडेय का विजय मर्चेंट ट्रॉफी यूपी अंडर-16 टीम में चयन।

HighLights

  1. निष्कर्ष पांडेय का यूपी अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन।

  2. पूर्व में अंडर-14 टीम को चैंपियनशिप जिता चुके हैं।

  3. वाराणसी में खुशी, कोचों ने बताया अनुशासन का फल।

जागरण संवाददाता, (बड़ागांव) वाराणसी। क्षेत्र के होनहार क्रिकेटर निष्कर्ष पांडेय ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की अंडर-16 क्रिकेट टीम में किया गया है।

निष्कर्ष के चयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने इसे वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। निष्कर्ष पाण्डेय बड़ागांव के बिसईपुर निवासी शिव प्रकाश पांडेय के पुत्र हैं।

वह इससे पूर्व वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश की अंडर-14 क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उस प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश की टीम ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें अब अंडर-16 टीम में जगह मिली है।

वर्तमान में निष्कर्ष होलापुर, शिवपुर स्थित एचएस क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह एकेडमी के निदेशक दीनदयाल मिश्र, कोच दिव्य प्रकाश सिंह और हेड कोच अभय तिवारी के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं।

कोचिंग स्टाफ के अनुसार, निष्कर्ष की सफलता के पीछे उनका अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण प्रमुख है।उनके चयन पर वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी जावेद अख्तर और जमाल अख्तर ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।