विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कैंसर पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए काशी आई केयर कार, टीम में शामिल हैं 60 प्लस की महिलाएं

By Saurabh ChakravartyEdited By:
Published: Wed, 10 Nov 2021 06:53 PM (IST)

कैंसर पीड़ित बच्चों की आर्थिक मदद एवं कैंसर के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मुंबई से तीन नवंबर ...और पढ़ें

कैंसर पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए काशी आई केयर कार
कैंसर पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए काशी आई केयर कार

जागरण संवाददाता, वाराणसी। कैंसर पीड़ित बच्चों की आर्थिक मदद एवं कैंसर के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मुंबई से तीन नवंबर को चली केयर कार बुधवार को काशी पहुंची। इस यात्रा में 60 प्लस उम्र की महिलाएं शामिल हैं। गुरुवार को ये महिलाएं होमी भाभा कैंसर अस्पताल में मरीजों एवं अधिकारियों से मुलाकात करेंगी। यहां से यह कार बोध गया के लिए रवाना हो जाएगी।

हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन संस्था से चार महिलाएं जुड़ी हैं। इसमें रीना वलेचा, हंसु परदीवाला, चित्रा हिरेमत व मिकी भाटिया शामिल हैं। रीना को छोड़कर तीनों महिलाएं बुधवार को पहुंच गई, जबकि रीना गुरुवार की सुबह यहां पहुंचेंगी। हंसु परदीवाला बताती हैं कि मुंबई में कैंसर का उपचार कराने वाले बच्चों को इलाज में खर्च के साथ ही ठहरने व खाने की भी बड़ी समस्या होती है। ऐसे में यह संस्था ठहरने के लिए प्रतिमाह एक मरीज को आठ हजार रुपये देती है। इसी के तहत 45 लाख रुपये फंड जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान सितंबर माह में शुरू किया गया है। अभी तक 27 लाख रुपये जुटा कर इसमें से 20 लाख रुपये मुंबई में टाटा कैंसर सेंटर से जुड़ी संस्था को दिया जा चुका है। बताया कि जब उपचार कराकर मरीज की छुट्टी हो जाती है तो छह माह या एक साल के बाद फिर से जांच की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अक्सर ही धन के अभाव में मरीज दोबारा नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे लोगों की भी मदद संस्था की ओर से की जाएगी। हंसु ने बताया कि 31 दिसंबर तक 45 लाख फंड जुटाने का लक्ष्य है। काशी के बाद टीम बोधगया, जमशेदपुर, भूवनेश्वर, पुरी, विशाखापट्टनम, हैदराबाद होते हुए पुन: मुंबई लौटेगी।