रामानंद सागर की Ramayana में जामवंत बने भदोही के श्रीकांत राजशेखर इन दिनों मुंबई में फंसे
रामायण में जामवंत की भूमिका भदोही के सुरियांवा क्ष्रेत्र के हरिहरपुर गांव के श्रीकांत राजशेखर उपाध्याय ने निभाई थी।
भदोही, जेएनएन। रामानंद सागर की रामायण के दोबारा शुरू होने के बाद सभी किरदार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हर कोई इन किरदारों की निजी जिंदगी के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं। रामायण में जामवंत की भूमिका सुरियांवा क्ष्रेत्र के हरिहरपुर गांव के श्रीकांत राजशेखर उपाध्याय ने निभाई थी। इनकी बुलंद आवाज ने जामवंत के रोल में जान ही फूंक दी थी। राजशेखर को अभिनय में बचपन से ही दिलचस्पी थी। वह रंगमंच से जुड़े थे और बचपन में रामलीला में हिस्सा लिया करते थे। कहा जाता है कि जब राजशेखर बनारस में पढ़ाई करते थे तो उस वक्त रामनगर की मशहूर रामलीला में अभिनय भी करते थे।
लाॅकडाउन का पालन सबके लिए जरूरी
रामानंद सागर की प्रस्तुत प्रसिद्ध टीवी सीरियल रामायण की प्रस्तुति एक बार फिर से शुरू हो चुकी है। रामायण में जामवंत का जीवन्त किरदार निभाने वाले था अभिनेता श्रीकांत राजशेखर उपाध्याय ने कोरोनावायरस संक्रमण को लेकर लागू लॉकडाउन का अपने मुम्बई स्थित आवास पर रहकर पालन कर रहे हैं। मूलतः उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां नगर के पास स्थित हरिहरपुर गांव निवासी राजशेखर उपाध्याय जामवंत के किरदार से खूब मशहूर हुए थे। जामवंत के रोल में उनका चेहरा 'रामायण' में नजर नहीं आया था, बावजूद इसके अपनी दमदार आवाज के बलबूते उन्होंने खूब प्रसिद्धि पाई।
रामायण में मकराछ की भी निभाई थी भूमिका
रामायण में सोमवार को प्रसारित एपिसोड में राम के साथ युद्ध की चुनौती देने वाले मकराछ का रोल भी उन्होंने ही निभाया था। अभी स्टार प्लस पर चल रहे महाभारत सीरियल में जैमिनी ऋषि की भूमिका में नजर आ रहे है तो जब द्रौपदी प्रकट होगी तो यज्ञ कराने में उनकी भूमिका है। इसके साथ करण, रजिया सुल्तान, बंधन, बाल भगवान व कन्टीलो प्रोडक्शन के अदालत, बाल हनुमान, महाराणा प्रताप, झांसी की रानी, तेनालीरामा, केसरी नंदन एवं अभी आई साईंबाबा में साईं बाबा के अल्टरनेट के रूप में भक्तों के पास पहुंचकर उनकी मनोकामना पूरी करने की भूमिका निभा रहे है।