इमरजेंसी मार्ग पर जाम का ब्रेक
वाराणसी में बीएचयू का सर सुंदरलाल अस्पताल सोमवार को जाम में जकड़ा रहा। अस्पताल परिसर में जाम से मरीजों संग उनके परिजनों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वाराणसी : बीएचयू का सर सुंदरलाल अस्पताल सोमवार को जाम में जकड़ा रहा। अस्पताल के मेन गेट से लेकर इमरजेंसी वार्ड मार्ग पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों संग एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। अस्पताल परिसर में घंटों जाम की स्थिति बनी रही। सोमवार को अचानक मरीजों की संख्या बढ़ जाने से बाइक स्टैंड फुल हो गया था। यही नहीं मरीजों को स्ट्रेचर भी कम पड़ गया था। वहीं आउट गेट को बंद कर दिए जाने से अस्पताल में आने और जाने का एक ही रास्ता होने से आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
अस्पताल परिसर में चार पहिया वाहन और अन्य वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। ऐसे में सबसे बड़ी समस्या गंभीर मरीजों को झेलनी पड़ी। प्रशासन अगर समय रहते ही नहीं चेता तो इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए जाम की समस्या घातक साबित हो सकती है। एक तो शहर में जाम, रविदास गेट से सिंहद्वार तक जाम। इसको पार कर अगर मरीज अस्पताल तक पहुंचता हैं तो यहां भी जाम। जाम का एक प्रमुख कारण एक ही रूट खोलना है, जबकि अस्पताल में बाल शल्य विभाग के पास बाहर निकलने का रास्ता है।
समस्या यह है कि इस रास्ते पर ही दो पहिया वाहनों का स्टैंड शुरू कर दी गई है। इसके कारण अस्पताल में आने और जाने का एक ही रास्ता बचता है। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक प्रो. वीएन मिश्र ने बताया कि जाम की समस्या वाकई में बड़ी समस्या है। वह भी इमरजेंसी मार्ग पर। इससे निजात पाने के लिए आउट गेट भी खोला जाएगा। ताकि यहां आने वाले मरीजों को जाम से छुटकारा मिल सके।