वाराणसी में एयरशो के लिए रिहर्सल करने पहुंचे जैगुआर विमान, आसमान में भरी गर्जना
भारतीय वायुसेना अक्टूबर 2026 में वाराणसी के नमो घाट पर एक भव्य एयर शो आयोजित करेगी, जिसमें राफेल और सूर्य किरण सहित 100 से अधिक विमान शामिल होंगे। इसी तैयारी के तहत शनिवार को तीन जैगुआर विमानों ने आसमान में करतब दिखाते हुए रिहर्सल किया।
HighLights
अक्टूबर 2026 में वाराणसी के नमो घाट पर एयर शो।
राफेल, सूर्य किरण सहित 100 से अधिक विमान होंगे शामिल।
शनिवार को जैगुआर विमानों ने आसमान में किया रिहर्सल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायुसेना की ओर से अक्टूबर 2026 में वाराणसी के नमो घाट पर एक भव्य एयर शो आयोजित करने की तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं। वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस यानी 8 अक्टूबर के उपलक्ष्य में होने वाले इस कार्यक्रम में राफेल और 'सूर्य किरण' एरोबेटिक टीम सहित 100 से अधिक विमान आसमान में करतब दिखाएंगे। इसी तैयारी की कड़ी में शनिवार की सुबह वाराणसी में तीन जैगुआर विमानों ने आसमान ने गर्जना करते हुए करतब दिखाए और रिहर्सल किया।

आसमान में अचानक सुबह गर्जना करते हुए गंगा की लहरों के ऊपर तीन जैगुआर लड़ाकू विमान एक साथ उड़े तो आसमान में रोमांच जागृत हो उठा। वहीं नमो घाट पर इस तैयारी को देखते हुए निरीक्षण करने के लिए एयरफोर्स के अधिकारी भी घाट पर निगरानी करते रहे। जबकि विमानों ने एयरपोर्ट से उड़ान भरा और बनारस शहर का चक्कर लगाया तो सुबह 11 बजे के बाद शहर के विभिन्न भागों में शहर वासियों ने इस एयरशो के रिहर्सल का रोमांच महसूस किया।
शहर में सुरक्षा कारणों से नमो घाट की ओर पुलिस व्यवस्था को भी तैनात रखा गया था। पुलिस कर्मियों ने भी इस रोमांच को देखा और सराहा। हालांकि तीन जैगुआर विमानों के गुजरने के बाद रोमांच समाप्त हुआ तो रिहर्सल को भी दिन के लिए पूर्ण माना गया। अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न विमानों की उड़ान के माध्यम से तैयारियों को परखा जाएगा। इसके बाद आठ अक्टूबर को सेना के पायलट एयरशो में प्रतिभाग करेंगे तो काशी का मस्तक भी सेना के शौर्य से ऊंचा हो उठेगा।
वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक के अनुसार भारतीय वायु सेना के अधिकारियों के साथ इस बाबत बैठक होने के बाद रुपरेखा लगभग तय है। अक्टूबर में होने वाले एयर शो के लिए एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन गंगा नदी के ऊपर काशी में पहली बार हो रहा है जिसमें शामिल होने के लिए पीएम और राष्ट्रपति के अलावा तीनों सेनाओं के प्रमुखों के अलावा दूतावासों के अधिकारी और दूसरे देशों के कुछ शीर्ष लोग भी शामिल हो सकते हैं। जबकि दर्शक इसे गंगा के घाटों और नमो घाट के किनारों से देख सकेंगे।